1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है: राहुल गांधी

BJP का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है: राहुल गांधी

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 01, 2020 01:21 pm IST,  Updated : Oct 01, 2020 01:25 pm IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में हाथरस के बाद बलरामपुर में सामूहिक बलात्कार की घटना होने को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।

BJP का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है: राहुल गांधी- India TV Hindi
BJP का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है: राहुल गांधी Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश में हाथरस के बाद बलरामपुर में सामूहिक बलात्कार की घटना होने को लेकर बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है। वहीं, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जवाबदेही का वक्त है और जनता को जवाब चाहिए। 

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के जंगलराज में बेटियों पर ज़ुल्म और सरकार की सीनाज़ोरी जारी है। कभी जीते-जी सम्मान नहीं दिया और अंतिम संस्कार की गरिमा भी छीन ली। भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।’’ कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका ने ट्वीट कर कहा, ‘‘हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।’’ वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ‘‘उप्र में एक और दलित बेटी के साथ गैंग रेप ! सोच कर भी रूह कांपती है - अनाचार, वहशियों ने दोनों पांव और कमर तोड़ डाली ! क्या क़ानून है या मर गया? क्या सविंधान की सरकार है या अपराधियों की? कब रुकेगी ये दरिंदगी? क्यों इस्तीफ़ा नही देते आदित्यनाथ?’’ 

हाथरस के बाद बलरामपुर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। जिले के गैसड़ी क्षेत्र में अनुसूचित जाति की एक युवती के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया और अस्पताल ले जाते समय पीड़िता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

bjp