1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रेल मंत्रालय संभालने के बाद अश्विनी वैष्णव ने बताया किस बात पर रहेगा सबसे ज्यादा ध्यान

रेल मंत्रालय संभालने के बाद अश्विनी वैष्णव ने बताया किस बात पर रहेगा सबसे ज्यादा ध्यान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 08, 2021 10:21 am IST,  Updated : Jul 08, 2021 11:12 am IST

नए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। कल शाम को ही उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली थी।

Railway Minister Ashwini Vaishnaw Indian Railway PM Narendra Modi vision रेल मंत्रालय संभालने के बाद- India TV Hindi
रेल मंत्रालय संभालने के बाद अश्विनी वैष्णव ने बताया किस बात पर रहेगा सबसे ज्यादा ध्यान Image Source : PTI

नई दिल्ली. नए  रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। कल शाम को ही उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली थी। आज रेल मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "रेलवे पीएम मोदी के विजन का अहम हिस्सा है। रेलवे के लिए उनका दृष्टिकोण लोगों के जीवन को बदलना है, ताकि सभी को - आम आदमी, किसान, गरीब - को रेलवे का लाभ मिले। मैं उस विजन के लिए काम करूंगा।"

भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1994 बैच के पूर्व अधिकारी वैष्णव ने 15 वर्ष से अधिक समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। उन्हें खासतौर से बुनियादी ढांचे में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) की रूपरेखा बनाने में उनके योगदान के लिए जाना जाता है जो उन्हें रेल क्षेत्र में भी मदद करेगा।

नौकरशाह-उद्यमी से नेता बने अश्विनी वैष्णव ने जनरल इलेक्ट्रिक एंड सिमंस जैसी बड़ी वैश्विक कंपनियों में भी नेतृत्व भूमिकाएं निभायी हैं। वैष्णव ने पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से एमबीए और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से एम.टेक किया है। उनके पास संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के दो अन्य महत्वपूर्ण विभाग भी रहेंगे। 

मोदी सरकार में नए कैबिनेट मंत्री बने अश्विनी वैष्णव को रेल मंत्रालय के अलावा IT मंत्रालय भी दिया गया है। वह इन दोनों मंत्रालयों को संभालेंगे। गौरतलब है कि अश्विनी वैष्णव राज्यसभा के सदस्य हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं और पूर्व नौकरशाह हैं। वह ओडिशा कैडर के IAS रहे हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के साथ भी काम किया है। उन्हें लंबा प्रशासनिक अनुभव है।

ऐसे में जब उन्हें कैबिनेट मंत्री पद की शपद दिलाई गई थी, तभी से माना जा रहा था कि उनका बड़ा अहम पोर्टफोलियो होने वाला है। ऐसा ही हुआ है। रेल मंत्रालय और आईटी मंत्रालय, दोनों ही अश्विनी वैष्णव को दिए गए हैं। इससे पहले रेल मंत्रालय पीयूष गोयल के पास था और आईटी मंत्रालय रविशंकर प्रसाद के पास था। हालांकि, रविशंकर प्रसाद अब कैबिनेट में नहीं हैं। वह इस्तीफा दे चुके हैं।

वहीं, पीयूष गोयल से रेल मंत्रालय वापस लेकर उन्हें टेक्सटाइल मंत्री (कपड़ा मंत्री) बनाया गया है। इसके साथ ही पीयूष गोयल को खाद्य एवं उपभोक्त मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन, अब वह रेल मंत्रालय से बाहर हो गए हैं। अश्विनी वैष्णव को रेल मंत्री बनाया है। वह जल्द ही रेल मंत्रालय और आईटी मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत