चेन्नई: मौसम अधिकारी ने राज्य में और बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि इस बीच शहर में एक बार फिर रात भर भारी बारिश हुई है जिसके कारण निचले इलाकों और सबवे में पानी जमा हो गया है।
मीनामबक्कम अलांदुर और पलावनतंगल में रेलवे पुलों के नीचे पानी जमा हो गया जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दक्षिणी उपनगरों में ये सबवे शहर जाने वाली जीएसटी रोड को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण बिन्दु है।
तमिलनाडु में भारी बारिश कराने के लिए जिम्मेदार उत्तर-पूर्वी मानसून इस बीच सक्रिय हो गया है। मौसम अधिकारी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम खाड़ी और पड़ोस के श्रीलंकाई तट के उपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है जिसके कारण कल रात शहर और इसके उपनगरों में भारी बारिश हुई है।
मौसम अधिकारी ने तमिलनाडु के सभी जिलों और पुडुचेरी के कुछ स्थानों पर हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई है और चेन्नई के कुछ इलाकों में बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान हैं।
इस बीच, सुबह आठ बज कर 30 मिनट तक वर्षा के उपलब्ध आंकड़़ों के मुताबिक, पापनासम (तिरूनेलवेली जिले) और तंबरम (कांचीपुरम जिला) में क्रमश: 18 सेन्टीमीटर और 17 सेन्टीमीटर बारिश दर्ज की गई है। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई है।