1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन लाल सैनी का निधन, अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर प्रदेश मुख्यालय में रखा जाएगा

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन लाल सैनी का निधन, अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर प्रदेश मुख्यालय में रखा जाएगा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 24, 2019 08:17 pm IST,  Updated : Jun 24, 2019 11:33 pm IST

राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी का सोमवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया है। मदन लाल सैनी आंतो में इंफेक्शन की वजह से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को बीमारी के चलते उनका निधन हो गया।

Rajasthan BJP chief Madan Lal Saini passes away at Delhi's AIIMS- India TV Hindi
Rajasthan BJP chief Madan Lal Saini passes away at Delhi's AIIMS

दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य मदन लाल सैनी (75) का सोमवार को नयी दिल्ली में निधन हो गया। भाजपा के एक प्रवक्ता ने बताया कि फेफड़ों में संक्रमण के चलते यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए सैनी को दो दिन पहले ही नयी दिल्ली एम्स में भर्ती करवाया गया था। एम्स के सूत्रों ने बताया, 'हालत बिगड़ने पर उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती किया गया था। आज शाम लगभग सात बजे उनका देहांत हो गया।' 

पार्टी सूत्रों के अनुसार सैनी का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह साढे़ सात से दस बजे तक अंतिम दर्शनों के लिए पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में रखा जाएगा और दोपहर बाद सीकर में उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। सैनी के निधन का समाचार आते ही यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में तथा कार्यकर्ताओं के बीच शोक की लहर दौड़ गयी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित विभिन्न राजनेताओं ने सैनी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने सैनी के निधन पर शोक जताते हुए इसे भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति करार दिया है। मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया है कि सैनी के निधन का समाचार सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। 

सैनी का जन्म 13 जुलाई 1943 को राजस्थान के सीकर जिले में हुआ था। कानून में स्नातक की पढ़ाई कर चुके सैनी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े रहे। वह भारतीय मजदूर संघ में महामंत्री, भाजपा किसान मोर्चा में राष्ट्रीय महामंत्री तथा सरदार पटेल स्मारक के प्रदेश संयोजक रहे। 1990 में वे गुढ़ा से विधायक चुने गए। । वह मार्च 2018 में राज्यसभा सांसद चुने गए। पिछले साल जून में उन्हें भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र व छह बेटियां हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत