1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद NCP प्रमुख शरद पवार ने कही ये बात

अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद NCP प्रमुख शरद पवार ने कही ये बात

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 09, 2019 05:00 pm IST,  Updated : Nov 09, 2019 05:00 pm IST

फैसले के बाद कुछ भाजपा नेताओं के राम मंदिर में दर्शन करने के संबंध में पवार ने कहा कि यह किसी का व्यक्तिगत अधिकार और पसंद है कि वह मंदिर जाए या मस्जिद। 

Ram Mandir Ayodhya Case- India TV Hindi
अयोध्या विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : PTI

मुंबई। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को अयोध्या मामले में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले का स्वागत किया जिसमें विवादित स्थान पर राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया गया है। पवार ने कहा कि शीर्ष अदालत का सर्वसम्मति से लिया गया फैसला एक गंभीर चिंता का समाधान करेगा जो देश को परेशान कर रही थी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘न्यायपालिका ने समाज के सभी वर्गों के हितों के संरक्षण की बात की है। यह अच्छी बात है।’’ राकांपा अध्यक्ष ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील करते हुए कहा, ‘‘एक महत्वपूर्ण, ऐतिहासिक फैसला दिया गया है। समाज के सभी वर्गों को इसका स्वागत और सम्मान करना चाहिए।’’

फैसले के बाद कुछ भाजपा नेताओं के राम मंदिर में दर्शन करने के संबंध में पवार ने कहा कि यह किसी का व्यक्तिगत अधिकार और पसंद है कि वह मंदिर जाए या मस्जिद। उन्होंने कहा, ‘‘इस पर टिप्पणी की जरूरत नहीं है। यह एक राजनीतिक मुद्दा है।’’

उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने फैसले का सम्मान किया है जो अच्छी बात है। पवार ने यह भी कहा कि फैसले का महाराष्ट्र की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लोग दो से तीन दिन में इस मुद्दे को भुला भी सकते हैं। महाराष्ट्र में सरकार गठन की देरी पर पवार ने कहा कि भाजपा और शिवसेना को सरकार बनानी चाहिए क्योंकि उन्हें जनादेश मिला है।

पवार ने कहा, ‘‘उनके पास संख्या है। हम इंतजार कर रहे हैं कि वे हमें विपक्ष में बैठने का अवसर कब देंगे।’’ उन्होंने यह भी कहा कि राकांपा के शिवसेना को समर्थन देने के विषय पर उनकी पार्टी में कोई चर्चा नहीं हो रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत