प्रतापगढ़ (उप्र): उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि उन्होंने राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री आजम खां द्वारा उनके खिलाफ की गई असंसदीय टिप्पणियों को लेकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पत्र लिखा है। नाईक ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से अलग से कहा, मैंने संसदीय कार्य मंत्री आजम खां की असंसदीय टिप्पणियों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। अखिलेश इस समय विदेश में हैं। उनके वापस आते ही मैं उनसे बात करूंगा।
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की ओर से भेजी गई सीडी में खां के 60 वाक्यों में से 20 वाक्यों में असंसदीय टिप्पणियां हैं। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष का कहना है कि इसमें कुछ भी अशोभनीय नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष से नौ अप्रैल को बैठक होनी है। खां और नाईक के बीच वाकयुद्ध पिछले कुछ समय से चल रहा है। खां ने आरोप लगाया कि राज्यपाल कारसेवक हैं और केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इशारे पर सांप्रदायिक रूप से उत्तर प्रदेश का माहौल बिगाड रहे हैं।
विधानसभा में खां ने आरोप लगाया है कि राज्यपाल कई विधेयकों को मंजूरी नहीं दे रहे हैं। इससे लगता है कि वह किसी पार्टी विशेष के प्रभाव में कार्य कर रहे हैं। राज्यपाल ने भारत माता की जय का नारा लगाने को लेकर हो रहे विवाद पर कहा कि कुछ गिने चुने लोग ऐसे मुद्दे उठा रहे हैं। लोकतंत्र में हर किसी को बोलने की आजादी है। जो लोग भारत माता की जय नहीं बोलते, वे मूर्ख हैं।