चेन्नई: तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में शुक्रवार को एक यात्री बस, ट्रक और कार के टकराने से 17 लोगों की मौत हो गई और 39 घायल हो गए। पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कृष्णागिरी जिला यहां से 260 किलोमीटर दूर है। पुलिस के मुताबिक, यात्री बस कृष्णागिरी से होसुर जा रही थी। विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक, बस से टकरा गया।
टायर फटने के कारण ट्रक चालक वाहन पर अपना नियंत्रण खो बैठा और बस से टकरा गया। बस के पीछे आ रही कारें भी हादसे की चपेट में आ गईं। बस और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकांश मृतक बस मुसाफिर बताए जा रहे हैं।
एक बयान में मुख्यमंत्री जयललिता ने हादसे पर दुख जताया और मरने वालों के परिजनों को एक-एक लाख और घायलों को 50-50 हजार की मदद देने का ऐलान किया।