नई दिल्ली: विवादित और तीखे बयानों के लेकर चर्चा में रहने वाली भाजपा की तेज तर्रार नेता साध्वी प्राची को यूपी के दादरी के पास बिसहड़ा गांव में जाने से रोक दिया गया। बुधवार को दादरी के पीड़ित परिवार वालों से मिलने जा रही थीं लेकिन उन्हें पुलिस ने पहले गांव में घुसने से रोका और बाद में हिरासत में ले लिया। हालांकि पुलिस वालों ने उन्हें गांव से दूर ले जाकर छोड़ भी दिया। गांव में प्रवेश नहीं मिलने पर साध्वी ने अपना गुस्सा भी जाहिर किया। उन्होंने कहा कि यहां की सरकार हिंदुओं से साथ भेदभाव कर रही है और उन्हें फर्जी मुकदमें में फंसाए जाने की कोशिश हो रही है।


राष्ट्रपति ने भी की दादरी घटना की निंदा-
महज एक अफवाह के कारण दादरी में हुई खूनी घटना की राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने भी निंदा की। दादरी में हुई इस घटना की निंदा करते हुए उन्होंने कहा, “देश के संस्कार खत्म नहीं होने दे सकते।”
गौरतलब है कि दादरी हत्याकांड के बाद से ही यूपी के बिसहड़ा गांव में नेताओं का पहुंचना रफ्तार पकड़ रहा है। अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और संगीत सोम वहां पहुंच चुके हैं।