ओडिशा के कटक जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 26 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर कार के अंदर करीब 6 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना कटक-चांदबली स्टेट हाईवे पर निश्चिंतकोइली थाना क्षेत्र के एण्डा इलाके के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, वारदात बुधवार तड़के करीब 3 बजे की है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
कार के शीशे तोड़कर जबरन अंदर घुसे आरोपी
जानकारी के अनुसार, पीड़िता भुवनेश्वर के एक मॉल में काम करती है। वह अपने पुरुष मित्र के साथ कार से भुवनेश्वर से अपने घर केंद्रापड़ा लौट रही थी। रास्ते में दोनों ने कटक-चांदबली रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास कुछ देर रुकने का फैसला किया था। बताया गया है कि महिला का पुरुष मित्र पेशे से ड्राइवर है और कोरापुट से लौटने के बाद लंबी यात्रा के कारण काफी थका हुआ था। इसलिए उसने कार के अंदर कुछ देर आराम करने के लिए गाड़ी रोक दी थी। इसी दौरान वहां पांच से छह युवक कथित तौर पर पहुंचे।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, युवकों ने कार को घेर लिया और उसके शीशों पर जोर-जोर से मारना शुरू कर दिया। महिला और उसके पुरुष मित्र ने कथित तौर पर कार के दरवाजे नहीं खोले। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए और जबरन अंदर घुस गए। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने महिला के पुरुष मित्र के साथ मारपीट की और महिला को कार के अंदर ही कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में थे।
स्थानीय लोगों को देखकर भागे आरोपी
वारदात के बाद आरोपियों में से एक युवक कथित तौर पर कार चलाकर दोनों को कटक जिले के कटिकटा इलाके की ओर ले गया। इस दौरान घायल पुरुष मित्र ने हिम्मत जुटाई और कार चला रहे आरोपी को काबू करने की कोशिश की। दोनों के बीच हाथापाई हुई। हाथापाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों का ध्यान इस ओर गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा उसके पुरुष मित्र को थाने ले गई। आपको बता दें कि इससे पहले हाल ही में ओडिशा के देवगढ़ जिले में 4 साल की मासूम का रेप किया गया था।
अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की?
कटक में हुई इस वारदात को लेकर महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में केस नंबर 305/26 दर्ज किया गया है। कटक ग्रामीण एसपी विनीत अग्रवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी रैंक के अधिकारी को जांच की जिम्मेदारी दी गई है।एसपी ने आगे बताया कि शुरुआती जानकारी में चार से छह लोगों के इस घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस अब घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
2 आरोपी हिरासत में
पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और वारदात के दौरान उनकी क्या भूमिका थी। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की उम्मीद जताई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस 2 आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद सभी आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- मामा के घर आई नाबालिग बच्ची को किया किडनैप, बारी बारी से सात युवकों ने किया गैंगरेप, छह गिरफ्तार