शिमला: हिमाचल प्रदेश के मनाली से शुक्रवार को लापता हुए 8 पर्वतारोहियों में से 6 को रविवार को एयरलिफ्ट करके कुल्लू के पास रुमसू गांव में सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। दो अन्य पर्वतारोहियों की लोकेशन का भी पता चल गया है। मनाली की एसडीएम ज्योति राणा ने बताया कि 70 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हमें सभी पर्वतारियों के लोकेशन की जानकारी मिली है। ये आठों मनाली में चंदरखानी पास के पास लापता हुए थे।
पंजाब के संत लोंगवाल अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी संस्थान (एसएलआईईटी) के सात छात्र और उसी संस्थान का एक पूर्व छात्र ट्रेकिंग यात्रा पर गुरूवार को नग्गर से निकले थे। कुल्लू प्रशसन ने शुक्रवार को इनकी खोज में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था, जब इनमें से एक पर्वतारोही ने स्थानीय पुलिस की हेल्पलाइन पर फोन कर मदद मांगी थी।
मनाली के पुलिस सुपरिटेंडेंट पदम चंद ने बताया, 'भरत कायस्थ नाम के पर्वतारोही ने 11 मार्च को सुबह 8 बजे पुलिस हेल्पलाइन के जरिए हमें सूचित किया था कि उनके एक दोस्त की हालत ठीक नहीं है और उसे मदद की जरूरत है। उसके बाद से छात्रों के साथ कोई संपर्क नहीं हो पाया। हो सकता है कि उनके मोबाइल फोन का नेटवर्क न आ रहो या फिर फोन की बैट्री खत्म हो गई हो।'
पुलिस सुपरिटेंडेंट ने बताया कि लापता पर्वतारोहियों की तलाश में आईटीबीपी की तीन और पुलिस की दो टीमों के एक पर्वतारोही को भेजा गया। लगातार बर्फबारी होने के चलते हमें रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।