1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-NCR में घना कोहरा, 132 ट्रेन कैंसल

दिल्ली-NCR में घना कोहरा, 132 ट्रेन कैंसल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jan 08, 2016 09:56 am IST,  Updated : Jan 08, 2016 09:56 am IST

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह सबसे घना कोहरा देखा गया। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा। इसका असर सड़क यातायात और ट्रेन यातायात पर भी पड़ा है।

delhi fog- India TV Hindi
delhi fog

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार की सुबह सबसे घना कोहरा देखा गया। घने कोहरे की वजह से सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा। इसका असर सड़क यातायात और ट्रेन यातायात पर भी पड़ा है। उत्तरी पश्चिमी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि आसपास के इलाकों में कोहरे के कारण लगभग 10 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। शताब्दी एक्सप्रेस सहित 132 ट्रेनों को कैंसल किया गया। दिल्ली से आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स लेट हुई हैं। स्थानीय मौसम विभाग ने आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है।

घने कोहरे के कारण एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी का असर विमानों के परिचालन पर भी पड़ा है, सुबह एयरपोर्ट रनवे पर विजिबिलिटी 50 से 75 मीटर तक हो गई। इस वजह से करीब 60 उड़ानों में देरी हुई। घने कोहरे के कारण लैंडिंग में आ रही दिक्कतों को चलते दिल्ली आने वाली कुछ विमानों को डाइवर्ट भी किया गया है।

कोहरे के कारण शहर के कई इलाकों में विजिबिलिटी की समस्या बनी रही जो सुबह साढ़े आठ बजे 300 मीटर थी जिसमें सवेरे साढ़े ग्यारह बजे तक सुधार हुआ और यह 700 मीटर हो गई। हवा में नमी का स्तर 62 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई दिनों तक मौसम में हलचल रहने और उसके कारण होने वाले हिमपात के बाद आज सर्दियों का सूरज फिर से चमकता दिखाई दिया जिसने लोगों को सर्द हवाओं से राहत प्रदान की।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान हिमांक से उपर दर्ज किया गया लेकिन यहां आने वाले दिनों में हिमपात होने का मौसम विभाग ने अनुमान जताया है। गुलमर्ग राज्य में सबसे ठंडा इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कश्मीर में 40 दिन की कड़ी सर्दी वाले चिल्लई कलां का दौर चल रहा है जिसकी शुरूआत 21 दिसंबर से हुई है।

उत्तर भारत में गुरुवार का दिन अपेक्षाकृत गर्म रहा और कश्मीर में भी सूरज की चमक से वहां के निवासियों को 40 दिन की कड़ी सर्दी से थोड़ी राहत महसूस हुई। वातावरण में नमी और आसमान में बादलों के कारण राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री उपर था। अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से पांच डिग्री उपर रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत