श्रीनगर: जम्मू एवं कश्मीर के पुलवामा में बुधवार शाम से जारी एनकाउंटर में आज सुरक्षा बलों के जवानों ने दो आतंकियों को ढ़ेर कर दिया है। इन दोनों आतंकियों में से एक का संबंध लश्कर से बताया जा रहा है। गुरुवार सुबह पांच बजे आतंकियों ने इलाके से भागने की कोशिश की लेकिन जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों ने इनकी कोशिश नाकाम कर दी।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को आतंकियों के गुसू गांव में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिस पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी। इसके बाद जवानों ने तलाशी अभियान शुरु कर दिया। जवानों को सूचना मिली थी कि इलाके में दो से तीन आंतकी छिपे हुए हैं। जब जवान आतंकियों के करीब पहुंचे तो उन्होंने गोलीबारी शुरु कर दी। इसके बाद सुरक्षा बल के जवानों और आतंकियों में जबरदस्त मुठभेड़ हुई। जैसे ही आतंकियों ने वहां से भागने की कोशिश की सुरक्षा बल के जवानों ने जो आतंकियों को ढेर कर दिया। मारे गए दोनों आतंकियों में से एक की पहचान मंजूर अहमद के नाम से हुई है, जो कि स्थानीय नागरिक है जबकि दूसरे की शिनाख्त नहीं हो पाई है जिसे पाकिस्तानी बताया जा रहा है।
किश्तवाड़ जिले में मिल चुका है हथियारों का जखीरा:
इससे पहले सेना की छापेमारी के दौरान किश्तवाड़ जिले की पाडर तहसील में आतंकियों से ठिकाने पर छापेमारी के दौरान हथियार और गोलाबारूद मिले थे। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया था कि राष्ट्रीय रायफल्स के जवानों और जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाया था।