कोलकाता: भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने भारत-बांग्लादेश सीमा तत्काल सील करने की मांग करते हुए दावा किया है कि इस सीमा पर स्थित मदरसे आतंकवाद और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों का केंद्र हैं।
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने दावा किया हम सभी जानते हैं कि सीमाई इलाकों पर स्थित इन मदरसों में राष्ट्र विरोधी तत्व तैयार होते हैं। इन मदरसों को विदेशों से धन मिलता है। ये मदरसे एक श्रृंखला तैयार करते हैं जो भारत-बांग्लादेश सीमा को राष्ट्र विरोधी गतिविधियों, पशुओं के अवैध कारोबार तथा तस्करी के लिए संवेदनशील बनाती है।
अपने दावे के पक्ष में उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के कथित बयान का हवाला दिया कि सीमाई इलाकों में मदरसों का एक वर्ग कट्टरपंथ के प्रजनन स्थल की तरह काम कर रहा है।
घोष ने कहा कुछ साल पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने कहा था कि पश्चिम बंगाल के सीमाई इलाकों में मदरसे कट्टरपंथ के प्रजनन स्थल की तरह काम कर रहे हैं। लेकिन बाद में अपनी पार्टी के दबाव में वह बयान से पीछे हट गए। लेकिन आप एक मुख्यमंत्री की टिप्पणियों को हल्के तौर पर नहीं ले सकते। जो कुछ भी उन्होंने कहा वह आईबी तथा पुलिस की रिपोर्टों पर आधारित था।