पुणे: शनि शिंगणापुर के दर्शनों के गई भूमाता रणगारिगनी ब्रिगेड की तृप्ति देसाई को आज स्थानीय महिलाओं ने रोक दिया। हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने तृप्ति को हिरासत में ले लिया। तृप्ति देसाई के साथ स्थानीय महिलाओं ने धक्का मुक्की भी की। बम्बई हाईकोर्ट के आदेश के बाद आज तृप्ति देसाई शनि शिंगणापुर मंदिर में दर्शन के लिये आई थीं लेकिन स्थानीय महिलाओं ने इसका विरोध किया।
काफी देर तक हंगामा होता रहा और आखिर में धक्का मुक्की जब बढ़ने लगी तो पुलिस तृप्ति देसाई को हिरासत में लेकर मंदिर से दूर ले गई। तृप्ति देसाई को जब अंदर जाने से रोका गया तो वो मंदिर के गेट के पास धरने पर बैठ गईं। उसी वक्त स्थानीय महिलाओं ने पहले नारेबाज़ी की फिर धक्का मुक्की शुरु हो गई।
बता दें कि बम्बई हाईकोर्ट के आदेश से उत्साहित होकर तृप्ति देसाई के नेतृत्व में भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड की कार्यकर्ता शनिवार को अहमदनगर जिले में स्थित शनि शिंगणापुर मंदिर के लिए रवाना हो गई थीं। अपनी कोशिश विफल कर दिए जाने से परेशान भूमाता रणरागिनी ब्रिगेड की अगुवा तृप्ति देसाई ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस उपासना स्थलों पर महिलाओं के प्रवेश संबंधी बंबई हाईकोर्ट के आदेश का सम्मान करने में विफल रहते हैं तो वह उनके विरूद्ध एफआईआर दर्ज करेंगी।
बम्बई हाईकोर्ट ने अपने आदेश में साफ कहा है कि अगर महिलाओं को दर्शन से रोका गया तो कलेक्टर और एसपी ज़िम्मेदार होंगे। बम्बई हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ शनैचर देवस्थान समिति अब सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है।