1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का निधन, आज निगम बोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का निधन, आज निगम बोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 20, 2019 10:38 pm IST,  Updated : Jul 21, 2019 12:01 am IST

शीला दीक्षित 1998 से 2013 के बीच 15 वर्षो तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी को फिर से खड़ा करने के मकसद से उन्हें कुछ महीने पहले ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था।

Sheila Dixit- India TV Hindi
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का निधन Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। दिल्ली की लगातार तीन बार मुख्यमंत्री रहीं और राष्ट्रीय राजधानी को आधुनिक शहर का स्वरूप देने वालों में शामिल शीला दीक्षित का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 81 साल की थीं। रविवार दोपहर 2:30 बजे निगम बोध घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

दोपहर 3.55 मिनट पर ली अंतिम सांस

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दीक्षित पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उन्हें शुक्रवार की सुबह सीने में जकड़न की शिकायत के बाद फोर्टिस-एस्कॉर्ट्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां दोपहर बाद तीन बजकर 55 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। 

15 साल रहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री

शीला दीक्षित 1998 से 2013 के बीच 15 वर्षो तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी को फिर से खड़ा करने के मकसद से उन्हें कुछ महीने पहले ही दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया था। उनका पार्थिव शरीर शनिवार शाम छह बजे से निजामुद्दीन स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। 

Sheila Dixit
Image Source : PTIफाइल फोटो

सुबह गंभीर स्थिति में लाया गया अस्पताल

फोर्टिस-एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट ने एक बयान में बताया कि दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें गंभीर स्थिति में शनिवार सुबह अस्पताल लाया गया। बयान में कहा गया कि फोर्टिस-एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष डॉ. अशोक सेठ के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के डॉक्टरों की एक टीम ने उपचार करना शुरू किया। कुछ पल के लिए उनकी हालत स्थिर हो गयी। हालांकि, एक बार फिर उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उपचार के सभी प्रयासों के बावजूद तीन बजकर 55 मिनट पर उनका निधन हो गया।

Sheila Dixit
Image Source : PTIफाइल फोटो

पंजाब में हुआ जन्म, दिल्ली में की पढ़ाई

शीला दीक्षित का जन्म 31 मार्च 1938 को पंजाब के कपूरथला में हुआ था। उन्होंने दिल्ली के कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से पढ़ाई की और फिर दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज से उच्च शिक्षा हासिल की। वह पहली बार साल 1984 में उत्तर प्रदेश के कन्नौज से सांसद चुनी गईं। बाद में वह दिल्ली की राजनीति में सक्रिय हुईं।

Sheila
Image Source : PTIशीला दीक्षित

शीला के पुत्र संदीप दीक्षित भी राजनीति में हैं। वह पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से 2004 से 2014 बीच दो बार सांसद रहे हैं । शीला दीक्षित ने हाल में उत्तर पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन वह जीत नहीं पायी थीं। दिल्ली विधानसभा में उन्होंने नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। 

दिग्गजों ने जताया शोक

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दीक्षित के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, "दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनीतिक शख्सियत श्रीमती शीला दीक्षित के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। मुख्यमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान राजधानी में प्रभावी बदलाव हुआ जिसके लिये उन्हें याद किया जाएगा।"

Sheila Dixit
Image Source : PTIफाइल फोटो

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने दीक्षित के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीक्षित के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।

प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, “शीला दीक्षित जी के निधन से बेहद दुखी हूं। एक ऊर्जावान और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी, उन्होंने दिल्ली के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।”

Sheila
Image Source : PTIफाइल फोटो

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दीक्षित के निधन पर दुख जताया। राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैं शीला दीक्षित जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुखी हूं। वह कांग्रेस पार्टी की प्रिय बेटी थीं जिनके साथ मेरा नजदीकी रिश्ता रहा।'' उन्होंने कहा, ''दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और दिल्ली के निवासियों के प्रति मेरी संवेदनाएं है। उन्होंने दिल्ली के निवासियों की तीन बार मुख्यमंत्री रहते हुए निःस्वार्थ भाव से सेवा की।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने दीक्षित के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उन्हें उनके अनुकरणीय शासन और दिल्ली के विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए याद किया जाएगा।

manmohan
Image Source : ANIमनमोहन सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दीक्षित के निधन पर दुख जताते हुए शनिवार को कहा कि देश ने एक जननेता खो दिया है और उन्हें दिल्ली के विकास के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

Arvind
Image Source : PTIसीएम अरविंद केजरीवाल ने दी शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर शोक जताया। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘अभी-अभी श्रीमती शीला दीक्षित जी के निधन की अत्यंत दुखद खबर पता चली। यह दिल्ली के लिए भारी क्षति है।... ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत