रायबरेली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में पानी की किल्लत का गम्भीरता से संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी को लिखे पत्र में इस समस्या के निदान के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा वर्ष 2016-17 को जिले में पानी का वर्ष घोषित करके काम करने को कहा है।
सोनिया ने जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार को हाल में लिखे पत्र में कहा है कि रायबरेली में पेयजल और सिंचाई के पानी की किल्लत के मद्देनजर नए हैण्डपम्प लगाने और पुराने हैण्डपम्पों की रीबोरिंग का काम शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने खत में कहा मुझे बताया गया है कि नहरों में पानी ना होने से किसानों को सिंचाई का पानी भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। खासतौर से सरेनी, शिवगढ़ और ऊंचाहार के किसान बेहाल हैं।
सोनिया ने पत्र में कहा उपरोक्त हालात के मद्देनजर मेरा आपसे अनुरोध है कि वित्तीय वर्ष 2016-17 को रायबरेली क्षेत्र के लिए पानी का वर्ष मानकर कार्ययोजनाएं तैयार की जाएं। मेरी स्वयं की एमपीलैड निधि सहित जिला आयोजना तथा अन्य सभी सम्भव स्रोतों से वांछित धनराशि इन योजनाओं के लिये उपलब्ध करायी जाए।
हमारी कोशिश होनी चाहिए कि सभी उपलब्ध संसाधन इसी दिशा में केन्दि्रत हों। राज्य तथा केन्द्र के स्तर पर जहां भी जरूरत पड़ेगी, मेरी तरफ से मदद का पूरा प्रयास रहेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्र में कहा कृपया अपनी कार्ययोजना में फ्लोराइड प्रभावित क्षेत्रों को आवश्यक रूप से शामिल करें।मैं चाहूंगी कि आगामी जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति में सभी जन प्रतिनिधियों से इस मुद्दे पर विचार आमंत्रित किए जाएं ताकि उन पर सार्थक चर्चा हो सके।