लखनऊ: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में बने नए महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर ऊहापोह की स्थिति बन गई है। समाजवादी पार्टी इस गठजोड़ में कम सीटें मिलने पर खुश नहीं दिख रही है। सपा कितनी सीटों के साथ इस चुनाव में उतरना चाहेगी यानी वह महागठबंधन से कितनी सीटें की मांग करेगी इसको लेकर कल सपा की संसदीय बोर्ड बैठक करने वाली है। आपको बता दें कि बीते दिन पटना के गांधी मैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली में सपा सरकार के दो नेताओं सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और किरणमय नंदा ने शिरकत की थी।
समाजवादी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल और राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन में सीटों के बंटवारे से खुश नहीं है। अभी भी घटक दलों की सीटों के बंटवारे को लेकर कशमकश बना हुआ है। सपा को किसी भी सूरत में यह मंजूर नहीं है कि वो बिहार विधानसभा चुनाव में सिर्फ 5 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार खड़े करे। महागठबंधन की ओर से मिलने वाली सीटों की संख्या पर सपा दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। जानकारी के मुताबिक स्वाभिमान रैली में शिरकत करने के बाद शिवपाल सिंह सीधे लखनऊ पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने कहा कि अगले दिन होने वाली बैठक में समाजवादी पार्टी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी। वहीं इस गठबंधन में सपा के रहने और न रहने पर भी कोई अहम फैसला लिया जा सकता है। सपा परिवार के इस तेवर से जनता परिवार के एका पर संकट गहरा सकता है। गौरतलब है कि शिवपाल ने ही जनता परिवार के एका की पहल की थी।