1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सूरत में बिल्डर की दरियादिली, बिना किराया ले 42 परिवारों को दी अपने फ्लेट्स में जगह

सूरत में बिल्डर की दरियादिली, बिना किराया ले 42 परिवारों को दी अपने फ्लेट्स में जगह

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 16, 2020 11:53 am IST,  Updated : Sep 16, 2020 11:53 am IST

गुजरात के सूरत शहर का बिल्डर प्रकाश भलानी ने अपनी खाली पड़ी बिल्डिंग में 42 परिवारों को बिना किराये रुकने का मौका दिया है।

Surat Builder- India TV Hindi
Surat Builder Image Source : ANI

सूरत। पूरी दुनिया इस समय गंभीर कोरोना वायरस के संकट से जूझ रही है। काम काज ठप है, लोगों की नौकरियां जा रही हैं। ऐसे में मकान का किराया और राशन की व्यवस्था करने में ही लोगों को मुश्किलें आ रही है। इस बीच सूरत का एक बिल्डर मुश्किल में फंसे लोगों के लिए मसीहा बनकर आया है। गुजरात के सूरत शहर का बिल्डर प्रकाश भलानी ने अपनी खाली पड़ी बिल्डिंग में 42 परिवारों को बिना किराये रुकने का मौका दिया है। 

बिल्डर प्रकाश भलानी का कहना है कि, इन सभी लोगों से किराया नहीं लिया जाएगा। इन लोगों को सिर्फ फ्लैट के रखरखाव के लिए मात्र 1500 रुपए शुल्क देना होगा। ये सभी लोग जब तक चाहें यहां रह सकते हैं। बता दें कि बिल्‍डर का सूरत में ओलपाड के उमरा में रुद्राक्ष लेक पैलेस नाम का एक प्रोजेक्ट बनकर तैयार है। कोरोना काल में अभी इनके लिए कोई खरीदार नहीं आ रहा है। 

इस स्थिति में बिल्डर ने दरियादिली दिखाते हुए परेशान लोगों को रहने के लिए मुफ्त में फ्लैट दिया है। बिल्‍डर ने बताया, कि हमारी रुद्राक्ष लेक पैलेस सोसायटी में 92 फ्लैट हैं, जिनमें से 42 फ्लैटों में हमने लोगों को मुफ्त में रहने के लिए घर दे दिया है। ये वे लोग हैं जो रोजगार की उम्‍मीद के साथ सूरत शिफ्ट हुए थे, लेकिन पहले लॉकडाउन और अनलॉक में कंपनियों ने इनकी सैलरी काट दी तो कुछ को नौकरी से ही निकाल दिया है।

50 लाख के पार हुए देश के कुल कोरोना वायरस मामले

भारत में कोरोना वायरस लगातार फैलता ही जा रहा है और रोजाना देश में कोरोना वायरस के आने वाले नए मामले दुनियाभर में सबसे ज्यादा हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 50 लाख के पार हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मंगलवार सुबह 8 बजे से लेकर बुधवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 82961 नए मामले देखने को मिले हैं और इन नए मामलों के साथ अब देश में कुल कोरोना मामलों का आंकड़ा बढ़कर 50,20,359 हो गया है। दुनियाभर में एक दिन के अंदर कोरोना वायरस के जितने मामले भारत में आ रहे हैं उतने मामले दुनिया के किसी दूसरे देश में नहीं आ रहे।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।