1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सुषमा आज जाएंगी पाकिस्तान, नवाज शरीफ से होगी मुलाकात

सुषमा आज जाएंगी पाकिस्तान, नवाज शरीफ से होगी मुलाकात

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 08, 2015 09:37 am IST,  Updated : Dec 08, 2015 09:41 am IST

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आज पाकिस्तान का दौरा करेंगी। सुषमा को अफगानिस्तान में होने वाली एक बैठक के सिलसिले में पाकिस्तान का दौरा करना है जहां उनकी मुलाकात पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी होगी।

sushma swaraj- India TV Hindi
sushma swaraj

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आज पाकिस्तान का दौरा करेंगी। सुषमा को अफगानिस्तान में होने वाली एक बैठक के सिलसिले में पाकिस्तान का दौरा करना है जहां उनकी मुलाकात पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी होगी। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्विटर पर लिखा, “विदश मंत्री सुषमा स्वराज इस्लामाबाद में नौ दिसंबर को अफगानिस्तान मसले पर होने वाली हार्ट ऑफ एशिया की पांचवीं मंत्रिस्तरीय बैठक में भारतीय दल की अगुवाई करेंगी।” वहीं पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज भी सुषमा से मुलाकात को लेकर उत्सुक हैं।

EAM @SushmaSwaraj to lead Indian delegation for Heart of Asia 5th Ministerial Meeting on Afghanistan on December 9 in Islamabad

— Vikas Swarup (@MEAIndia) December 7, 2015

इससे पहले केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने मंगलवार को सुषमा के इस्लामाबाद रवाना होने की जानकारी दी थी और कहा था कि लौटने के बाद वह दोनों सदनों में एक बयान देंगी। उधर, इस्लामाबाद में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने सोमवार को कहा कि वह सुषमा से मिलने के लिए उत्सुक हैं।

'डेली पाकिस्तान' की रिपोर्ट के अनुसार, अजीज ने कहा कि दोनों देशों के बीच विवादों के समाधान के लिए बातचीत ही एकमात्र उपाय है और सुषमा इस यात्रा के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से भी मिलेंगी। इस सम्मेलन में अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी भी हिस्सा लेंगे। सुषमा इस सम्मेलन में शिरकत करने के लिए जहां मंगलवार को इस्लामाबाद पहुंचेंगी, वहीं गनी बुधवार को यहां पहुंचेंगे।

अजीज ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के साथ बाचतीत आगे बढ़ाने की दिशा में प्रगति हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के साथ भारत के संबंध आने वाले दिनों में और भी मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि सुषमा और नवाज की मुलाकात के दौरान भारत और पाकिस्तन के बीच संघर्ष के बिंदुओं पर चर्चा होगी। साथ ही द्विपक्षीय समग्र बातचीत शुरू करने के लिए एक खाका तैयार किया जाएगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या बैंकॉक में दोनों देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की मुलाकात में प्रस्तावित भारत-पाकिस्तान क्रिकेट श्रृंखला पर भी चर्चा हुई, अजीज ने कहा कि बातचीत केवल राष्ट्रीय सुरक्षा और आपसी संबंधों के मुद्दे तक सीमित रही। बैंकॉक में हुई बैठक के बाद जारी किए गए एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नसीर खान जंजुआ के बीच सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई।

बैठक में भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर और पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी भी शामिल हुए। बयान के मुताबिक, "शांति और सुरक्षा, आतंकवाद, जम्मू एवं कश्मीर और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शांति सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत