नई दिल्ली: बेटी के मेडिकल कॉलेज में दाखिले के लिए उत्तर पूर्व कोटे के जुगाड़ के आरोप पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्विटर के जरिए कड़ी प्रतिक्रिया दी। सुषमा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। गौरतलब है कि सुषमा स्वराज हाल ही में ललित मोदी की मदद के आरोपों को लेकर मुश्किल में फंस चुकी हैं।
स्वराज ने ट्वीट में लिखा, मेरी बेटी ऑक्सफोर्ड यूनीवर्सिटी की स्नातक छात्रा रही है और वह फिलहाल पेशे से वकील है। सभी आरोप बेबुनियाद हैं। आपको बता दें कि ट्विटर पर 'Soch @pakoed' अकांउट से किसी आदमी ने सुषमा स्वराज को ट्वीट किया था कि उनके लिए जुगाड़ के जरिए लोगों का काम बनाना या अपना काम निकालना नई बात नहीं है और उनकी बेटी ने ऐसी ही जुगाड़बाजी से उत्तरपूर्व कोटे की सीट हासिल कर मेडिकल की पढ़ाई की है। वहीं स्वराज ने अपने समर्थकों से भी ऐसे किसी भी कमेंट पर टिप्पणी न करने की सलाह दी है।