1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान में दो हिंदू लड़कियों का अपहरण, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मांगी रिपोर्ट

पाकिस्तान में दो हिंदू लड़कियों का अपहरण, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मांगी रिपोर्ट

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 24, 2019 11:39 am IST,  Updated : Mar 24, 2019 02:16 pm IST

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सिंध प्रांत में होली की पूर्व संध्या पर दो हिंदू किशोरियों का अपहरण कर जबरन उन्हें इस्लाम स्वीकार करवाने की खबरों को लेकर पाकिस्तान में भारत के दूत से जानकारी मांगी है।

Minister of External Affairs Sushma swaraj- India TV Hindi
Minister of External Affairs Sushma swaraj Image Source : TWITTER

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सिंध प्रांत में होली की पूर्व संध्या पर दो हिंदू किशोरियों का अपहरण कर जबरन उन्हें इस्लाम स्वीकार करवाने की खबरों को लेकर पाकिस्तान में भारत के दूत से जानकारी मांगी है। स्वराज ने इस घटना के संबंध में मीडिया की रिपोर्ट संलग्न करते हुए ट्वीट किया कि उन्होंने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त से इस मामले पर रिपोर्ट भेजने को कहा है। हालांकि, इस मामले में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भी जांच के आदेश दे दिए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना पाकिस्तान के सिंध प्रांत के घोटकी जिले के धारकी कस्बे में हुई। रिपोर्ट में कहा गया है कि इलाके में हिंदू समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किए और कथित अपराध को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। भारत-पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू समुदाय की दुर्दशा का मामला उठाता रहा है।

बता दें कि 14 फरवरी को पुलवामा में CRPF के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा है और अब भी बरकरार है। आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे, जिसके जवाब में भारतीय एयरफोर्स ने पाकिस्तान के बालाकोट में JeM के ट्रेनिंग सेंटर पर एयरस्ट्राइक कर उसे तबाह कर दिया था।

कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एयरस्ट्राइक में करीब 300 आतंकियों के मारे जाने की बात कही गई थी। हालांकि, इस पर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया था। लेकिन, NTRO (National Technical Research Organisation) ने एक रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की थी कि जब एयरस्ट्राइक हुई तब उस इलाके में 300 मोबाइल एक्टिव थे।

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत