1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन, दिल्ली के एम्स अस्पताल में ली आखिरी सांस

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन, दिल्ली के एम्स अस्पताल में ली आखिरी सांस

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 06, 2019 11:07 pm IST,  Updated : Aug 07, 2019 12:11 am IST

पूर्व विदेश मंत्री बीजेपी की सीनियर लीडर सुषमा स्वराज का दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे अर्से से बीमार चल रही थीं और उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था।

Sushma Swaraj Passed Away- India TV Hindi
Sushma Swaraj Passed Away Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: पूर्व विदेश मंत्री और बीजेपी की सीनियर लीडर सुषमा स्वराज का दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे 67 साल की थी और लंबे अर्से से बीमार चल रही थीं। वर्ष 2016 में सुषमा स्वराज का किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। बीमारी की वजह से ही उन्होंने 2019 लोकसभा चुनाव से खुद को अलग रखा था। वर्ष 2014 में सुषमा स्वराज को विदेश मंत्रालय का प्रभार मिला था। बीजेपी के शासन के दौरान सुषमा दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रही थी। उन्हें दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ था।

सुषमा स्वराज का जन्म 14 फरवरी 1952 को हुआ था। उन्होंने अंबाला में एसडी कॉलेज अम्बाला छावनी से बीए किया और पंजाब यूनिवर्सिटी से चंडीगढ़ से लॉ की पढ़ाई की थी। सुषमा स्वराज ने 1974 के छात्र आंदोलन में भी बढ़-चढकर हिस्सा लिया था। सुषमा स्वराज के निधन की खबर सुनते ही डॉ. हर्षवर्धन, नितिन गडकरी, मनोज तिवारी समेत तमाम नेताओं के एम्स पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। 

सुषमा स्वराज के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि सुषमा जी के निधन से उन्हें व्यक्तिगत नुकसान हुआ है। सुषमा जी एक उत्कृष्ट सांसद थीं। वे एक उत्कृष्ट प्रशासक थी और सुषमा जी ने अपने द्वारा संभाले गए प्रत्येक मंत्रालय में उच्च मानक स्थापित किया। विदेश मंत्री के तौर पर विभिन्न देशों के साथ भारत के संबंधों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

निधन से करीब चार घंटे पहले ही सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर संसद में जम्म कश्मीर पुनर्गठन विधेयक पारित होने को लेकर खुशी जताई थी और प्रधानमंत्री की तारीफ की थी। सुषमा ने अपने आखिरी ट्वीट में लिखा- 'प्रधान मंत्री जी - आपका हार्दिक अभिनन्दन. मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।' वहीं एक अन्य ट्वीट में उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा- श्री अमित शाह जी को उत्कृष्ट भाषण के लिए बहुत बहुत बधाई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत