गाजियाबाद: गाजियाबाद का दीप्ति किडनैपिंग केस अभी भी पुलिस के लिए एक पहेली बना हुआ। दीप्ति सरना के लौटने के 36 घंटे बीत चुके हैं लेकिन पुलिस अभी तक यही नहीं पता कर सकी है कि उसके अपरहण का मकसद क्या था। इस दौरान पुलिस दीप्ति से कई बार पूछताछ कर चुकी है। फिलहाल पुलिस ये दावा कर रही है कि इस किडनैपिंग केस में दीप्ति के किसी बेहद करीबी का हाथ और पुलिस न सिर्फ बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लेगी बल्कि हर सवाल का जवाब भी दे देगी।
पिछले 36 घंटे के अंदर गाजियाबाद पुलिस का हर आला अफसर दीप्ति सरना के घर कई बार दस्तक दे चुका है और कई बार दीप्ति से पूछताछ कर चुका है। दीप्ति की किडनैपिंग का सच पता लगाने में एसएसपी परेशान हैं। एसपी सिटी पिछले दो दिनों में कई बार दीप्ति के घर जा चुके हैं।
क्या दीप्ति को अगवा नहीं किया गया था ?
दीप्ति सरना के किडनैपिंग केस ने गाजियाबाद पुलिस को पूरी तरह से उलझा रखा है। पुलिस अपरहण का मकसद जानने के लिए एक तरफ दीप्ति से पूछताछ कर रही है तो दूसरी तरफ ज़िले का काबिल अफसरों की पूरी टीम इस अजीबोगरीब अपहरकांड की अनसुलझी परतों को खोलने के लिए लगातार हाथ पैर मार रही। खुद पुलिस कप्तान को सझम नहीं आ रहा है कि आखिर दीप्ति को अगवा करने का मकसद क्या हो सकता है।
धर्मेंद्र सिंह एसएसपी, गाजियाबाद ने कहा, ‘जो मोटिव है किसी भी अपराध को कारित करने का वो क्लीयर नहीं हो रहा है। और यही चीज हमें थोड़ा सा परप्लैक्स कर रही है। आखिर कथित तौर पर किन परिस्थतियों में उसका अपहरण हुआ और उसको क्यों छोड़ा गया।किन हालातों में छोड़ा गया और वो कौन लोग थे जिन्होंने अपहरण भी किया और अच्छा व्यवहार भी किया।आखिर उनका मकसद क्या था।वो क्या चाहते थे।’
एसएसपी ने कथित किडनैपिंग शब्द का इस्तेमाल किया यानी दीप्ति के मुताबिक उसका किडनैप हुआ लेकिन ग़ाज़ियाबाद पुलिस अब भी इस अपहरण पर मुहर लगाने की हालत में नहीं है। पुलिस को कुछ ऐसे क्लू ज़रूर मिले हैं जिससे शक हो रहा है कि इस किडनैपिंग कांड में कुछ न कुछ गड़बड़ जरुर है। दीप्ति अपने अगवा होने की जो कहानी पुलिस को बता रही है उसमें कुछ ऐसी बातें भी हैं जो पुलिस के गले नहीं उतर रही हैं।
किस करीबी ने रची अपहरण की साजिश ?
हालांकि पुलिस अभी भी दीप्ति सरना के बयान सही मानकर उसी आधार पर अपनी तफ्तीश आगे बढ़ा रही है लेकिन पुलिस का माथा इसलिए ठनक रहा है क्य़ोंकि दीप्ति के बयान में कई बातें ऐसी हैं जो इस केस को और पेचीदा बना रही हैं। शुक्रवार को एसएसपी सिर्फ दीप्ति सरना का बयान दर्ज करने पहुंचे थे लेकिन आज वो फिर दीप्ति के घर पहुंचे मकसद था उसके बयानों के आधार पर क्रॉस एग्जामिनेशन करना।
दरअसल पुलिस को दीप्ति किडनैपिंग केस की तहकीकात के दौरान कुछ ऐसे तथ्य मिले हैं जो दीप्ति के बयान और वारदात के तरीके से मेल नहीं खाते हैं। हालांकि आज की पूछताछ के बाद पुलिस इस नतीजे पर जरुर पहुंच गई है कि दीप्ति को अगवा करने वाला कोई करीबी ही हो सकता है। अब तक की पड़ताल में पुलिस के सामने जो बातें आ रही हैं उसके मुताबिक दीप्ति को अगवा करने वाले लोग कोई पेशेवर अपराधी नहीं थे बल्कि वो उसके बेहद करीबी हैं।
किडनैपिंग की कहानी में पेंच !
- दीप्ति की किडनैपिंग हुई तो इसके पीछे मकसद क्या था ?
- किडनैपर्स ने दीप्ति के साथ बहुत अच्छा व्यवहार किया क्यों ?
- किडनैपर्स को दीप्ति की पसंद और नापसंद के बारे में कैसे पता था ?
- किडनैपर्स का अचानक हृदय परिवर्तन क्यों हो गया ?
- वो कौन था जिससे किडनैपर दीप्ति को मिलवाना चाहते थे?
- दीप्ति ने इंटरनल मेडिकल टेस्ट कराने से मना क्यों कर दिया ?
ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब अभी तक गाजियाबाद पुलिस को नहीं मिले हैं।
पुलिस को किसी घटना में किसी करीबी के शामिल होने का शक इसलिए बढ़ रहा है कि क्योंकि दीप्ति ने अपने बयान में ये कहा था कि किडनैपर्स उसे किसी से मिलाने की बात कर रहे थे लेकिन बाद में वो शख्स दीप्ति से नहीं मिला। बहरहाल पुलिस का दावा है कि वो किडनैपर्स के बेहद करीब पहुंच चुका है और बहुत जल्द खुलासा हो जाएगा कि दीप्ति अपहरण कांड का पूरा सच क्या है।
आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-