1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. S-400 मिसाइल सौदे और ईरान से तेल आयात मामले पर अमेरिका से संपर्क में भारत: रवीश कुमार

S-400 मिसाइल सौदे और ईरान से तेल आयात मामले पर अमेरिका से संपर्क में भारत: रवीश कुमार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 18, 2018 09:08 pm IST,  Updated : Oct 18, 2018 10:49 pm IST

भारत ने गुरुवार को कहा कि फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर छिड़े विवाद की वजह से दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ा है।

राफेल विवाद से भारत और फ्रांस के बीच संबंध पर कोई असर नहीं: सरकार- India TV Hindi
राफेल विवाद से भारत और फ्रांस के बीच संबंध पर कोई असर नहीं: सरकार

नयी दिल्ली: भारत ने गुरुवार को कहा कि फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद को लेकर छिड़े विवाद की वजह से दोनों देशों के बीच मजबूत रणनीतिक संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, “हमारा फ्रांस के साथ बेहद मजबूत संबंध बरकरार है। मैं कह सकता हूं कि इस (राफेल विवाद) ने हमारे संबंधों पर कोई असर नहीं डाला है।'' उनसे यह सवाल पूछा गया था कि राफेल विवाद की वजह से दोनों देशों के संबंधों पर क्या प्रभाव पड़ा है?

Related Stories

भारत में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच फ्रांस की एयरोस्पेस कंपनी दसॉल्ट से राफेल जेट खरीदने को लेकर भारी विवाद छिड़ा हुआ है। कांग्रेस का आरोप है राफेल विमानों की खरीद में भारी अनियमितता बरती गई। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सरकार प्रत्येक विमान 1,670 करोड़ रूपये में खरीद रही है जबकि संप्रग सरकार ने 526 करोड़ रूपये में इसकी खरीद पर चर्चा की थी।

एच-1बी वीजा मामले पर अमेरिका से संपर्क में भारत

एच-1बी वीजा में बड़े सुधार की अमेरिका की योजना के बीच भारत ने कहा कि वह इस मुद्दे पर ट्रंप सरकार और अमेरिकी कांग्रेस के साथ गहराई से सम्पर्क में है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की गयी है जब अमेरिका ने कहा है कि वह जनवरी से एच-1बी वीजा के अंतर्गत रोजगार और विशेषज्ञता वाले पेशों की परिभाषा में संशोधन के बारे में सोच रहा है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, “यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसीलिए हम विभिन्न स्तरों पर लगातार इस मुद्दे को अमेरिकी पक्ष के सामने रख रहे हैं। हाल में आयोजित ‘2 और 2 की वार्ता’ (दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों की एक साथ बैठक) के दौरान इस पर चर्चा की गयी थी।” उन्होंने कहा कि भारत इस मुद्दे पर ट्रंप सरकार और अमेरिकी कांग्रेस के साथ गहराई से सम्पर्क में है। 

ईरान से तेल आयात मुद्दे पर अमेरिका से बातचीत

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत, ईरान से तेल आयात मुद्दे पर अमेरिका समेत अन्य सभी हितधारकों के साथ बातचीत कर रहा है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के ईरानी तेल के आयात पर प्रतिबंध चार नवंबर से लागू हो रहे हैं। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि भारत ने अमेरिका को अपनी स्थिति से पहले ही अवगत करा दिया है। एस-400 प्रक्षेपास्त्र प्रणाली के लिए रूस को किए जाने वाले भुगतान के सवाल पर कुमार ने कहा कि इस मसले पर भी भारत अमेरिका से बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि वे इस मसले पर अमेरिका के साथ बातचीत के दौर में हैं। हम अपनी स्थिति से अमेरिका को विभिन्न स्तरों पर अवगत करा चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत