नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अलवर हत्याकांड मामले में सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'क्रूर न्यू इंडिया' में मानवता, नफरत में बदल चुकी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान उन खबरों के बाद आया है जिसमें अलवर पुलिस ने मरने वाले व्यक्ति को 3 घंटे तक अस्पताल इसलिए नहीं पहुंचाया क्योंकि उन्हें चाय पीनी थी।
Related Stories
राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान के अलवर में 28 वर्षीय युवक की कथित तौर पर गाय तस्करी के आरोप में एक समुह ने पिटाई कर दी। जिसके बाद पुलिस को रकबर खान को मात्र 6 किमी दूर स्थित अस्पताल पहुंचाने में 3 घंटे लग गए। राहुल गांधी ने पुलिसकर्मियों के चाय पीने पर सवाल उठाया।
राहुल ने कहा कि यही मोदी का ''क्रूर न्यू इंडिया'' है जहां मानवता, नफरत में बदल चुकी है और लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया जाता है। पिछले सप्ताह हरियाणा में रहने वाले रकबर खान अपने दोस्त असलम के साथ अलवर से जंगल के रास्ते दो गाय अपने गांव ले जा रहे थे, जहां लालावंडी इलाके के पास पांच लोगों ने उनपर हमला कर दिया था। इस मामले में अबतक 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।