1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्तीसगढ़ के सुकमा में तीन नक्सली ढेर, राइफल समेत कई हथियार बरामद

छत्तीसगढ़ के सुकमा में तीन नक्सली ढेर, राइफल समेत कई हथियार बरामद

 Reported By: Bhasha
 Published : Sep 14, 2019 10:25 pm IST,  Updated : Sep 14, 2019 10:25 pm IST

सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने  ‘भाषा’ को दूरभाष पर बताया कि जिले के ताड़मेटला गांव के करीब मुकरम नाला के पास पुलिस ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया है। 

Naxal- India TV Hindi
प्रतिकात्मक तस्वीर Image Source : FILE

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में शनिवार शाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया। बीते लगभग 24 घंटे में सुरक्षाबलों ने बस्तर क्षेत्र में अभी तक छह नक्सलियों को ढेर कर दिया है।

सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज ‘भाषा’ को दूरभाष पर बताया कि जिले के ताड़मेटला गांव के करीब मुकरम नाला के पास पुलिस ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान में डीआरजी के दल को गश्त में रवाना किया गया था। दल जब मुकरम नाला के करीब था तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कुछ देर तक गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में जब सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से तीन नक्सलियों के शव और एक इंसास राइफल समेत कई हथियार बरामद किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में बीते 24 घंटे में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में छह नक्सलियों को मार गिराया है। सुरक्षाबलों ने इससे पहले क्षेत्र के दंतेवाड़ा जिले में बीती रात दो नक्सलियों को तथा आज सुबह बीजापुर जिले में एक नक्सली को मार गिराया था। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत