नई दिल्ली। दिल्ली में प्याज की कीमतों के काबू में आए अभी एक हफ्ता ही बीता था कि अब टमाटर की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। दिल्ली के रिटेल मार्केट में टमाटर 60 रुपए प्रति किलो के भाव बिक रहा है। अक्टूबर के मध्य में बेस्ट क्वालिटी वाले टमाटर की थोक मंडी में कीमत 16 रुपए प्रति किलो थी। हालांकि राहत की बात यह है कि नए टमाटर की बाजार में एंट्री हो गई है। इसके कारण आने वाले दिनों में टमाटर की कीमतों में गिरावट आ सकती है।
एक महीने में 44 रुपए महंगा हुआ टमाटर
दिल्ली की आजाद पुर मंडी के सब्जी कारोबारी सुनील शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर के आसपास दिल्ली के थोक मार्केट में टमाटर 16-20 रुपए प्रति किलो बिक रहा था। लेकिन नवंबर को दूसरे हफ्ते में टमाटर की कीमतें 36 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई। फिलहाल रिटेल मार्केट में यह 60 रुपए किलो तक बिक रहा है। सब्जी एसोसिएशन के महासचिव अनिल मल्होत्रा ने बताया कि टमाटर की कीमतों में आई तेजी अब थमने लगी है। 800-900 रुपए प्रति क्रेट बिकने वाला टमाटर 500 रुपए प्रति क्रेट के भाव बिक रहा है। हालांकि, इसका असर रिटेल मार्केट में दिखने में कुछ समय लग सकता है।
सप्लाई और डिमांड के गैस से महंगा हुआ टमाटर
मल्होत्रा ने कहा कि नई और पुरानी फसल में गैप होने के कारण मांग के मुकाबले सप्लाई घटी है। इससे कारण टमाटर की कीमतों में उछाल आया है। इससे पहले बेमौसम बारिश और उसके बाद वायरस की वजह से फसल को नुकसान पहुंचा है। बेंगलुरू में किसान 40 रुपए प्रति किलो टमाटर बेच रहे हैं। लेकिन राहत कि बात यह कि शिवपुरी, जयपुर, अहमदाबाद से टमाटर की आवक शुरु हो गई है। आने वाले दिनो में टमाटर सस्ता हो सकता है।
आम आदमी की बढ़ी परेशानी
रिटेल मार्केट में दिल्ली वासियों को टमाटर के लिए अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। थोक मार्केट में कीमतों में आई गिरावट का असर रिटेल में कब होगा इसका कुछ पता नहीं है। एक सब्जी खरीदने वाले बताया कि रविवार को हमने 60 रुपए प्रति किलो टमाटर खरीदा है। ऐसा नहीं है कि टमाटर की कीमतें सिर्फ दिल्ली में आसमान छू रही हैं। कमोबेस पूरे उत्तर भारत में टमाटर इसी भाव के आसपास बिक रहा है।