Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कांग्रेस का आरोप, कर्नाटक सरकार गिराने की कोशिश में BJP, ऑडियो टेप का मामला संसद में उठेगा

कांग्रेस का आरोप, कर्नाटक सरकार गिराने की कोशिश में BJP, ऑडियो टेप का मामला संसद में उठेगा

Written by: Bhasha
Published : Feb 09, 2019 04:17 pm IST, Updated : Feb 09, 2019 04:17 pm IST

कर्नाटक में विधायकों को पैसे की पेशकश से जुड़ा भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा की कथित बातचीत वाला आडियो टेप सामने आने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि वह यह मुद्दा सोमवार को संसद में उठाएगी।

कांग्रेस प्रवक्ता...- India TV Hindi
Image Source : ANI कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला

नई दिल्ली: कर्नाटक में विधायकों को पैसे की पेशकश से जुड़ा भाजपा के वरिष्ठ नेता बी एस येदियुरप्पा की कथित बातचीत वाला ऑडियो टेप सामने आने के बाद कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि वह यह मुद्दा सोमवार को संसद में उठाएगी। पार्टी ने ये भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और येदियुरप्पा राज्य में एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने के प्रयास में हैं। 

पार्टी ने कहा कि इस मामले में उच्चतम न्यायालय को भी संज्ञान लेना चाहिए क्योंकि टेप में उसका उल्लेख किया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव और कर्नाटक प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ''कर्नाटक से कल जो खबर आई इससे पूरा देश सकते में है। मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने आडियो टेप जारी कर राज्य की निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के प्रयासों को बेनकाब कर दिया।''

उन्होंने दावा किया, ''मैंने आडियो क्लिप सुनी है। येदियुरप्पा एक-एक विधायक को 10 करोड़ रुपये देने की पेशकश कर रहे हैं। एक विधायक को मंत्री पद और कुछ बोर्डो की जिम्मेदारी देने को बात कर रहे हैं। वह खुद नरेंद्र मोदी और अमित शाह का हवाला दे रहे हैं।'' वेणुगोपाल ने पूछा, ''भाजपा किस तरह की राजनीति पर उतर आई है? विधायकों को देने के लिए भाजपा के पास सैकड़ों करोड़ों रुपये कहां से आए हैं?'' 

उन्होंने कहा, ''यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। भाजपा ने पहले भी खरीद-फरोख्त के जरिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की है। इस तरह की राजनीति की कड़ी निंदा होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि चाहे कुछ हो जाए, हमें पूरा भरोसा है कि कर्नाटक की सरकार बनी रहेगी। उन्होंने कहा, ''हम पूछना चाहते हैं कि प्रधानमंत्री इस मामले में कार्रवाई करेंगे या नहीं?'' 

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक सवाल के जवाब में कहा कि सोमवार को यह मामला संसद में उठाया जाएगा। सुरजेवाला ने आरोप लगाया, ''मोदी, अमित शाह और येदियुरप्पा की बदनाम तिकड़ी ने देश में संविधान और प्रजातंत्र को रौंद डाला है। ये गैंग ऑफ थ्री बन गए हैं जिनका किसी तरह सत्ता हासिल करना एकमात्र मकसद है।'' 

उन्होंने कहा, ''इस टेप के जरिए अब मोदी और अमित शाह की भूमिका सामने आ गई हैं। गैंग ऑफ थ्री कर्नाटक की चुनी हुई सरकार को गिराना चाहते हैं। 200 करोड़ रुपये में 20 विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई है। यहां तक कि उच्चतम न्यायालय को भी मैनेज करने की बात हो रही है।'' 

उन्होंने सवाल किया, ''क्या सीबीआई और ईडी की छापेमारी येदियुरप्पा पर करवाएंगे?'' सुरजेवाला ने कहा, ''क्या देश की उच्चतम न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेकर मोदी, भाजपा अध्यक्ष, येदियुरप्पा और दूसरे संबंधित नेताओं को नोटिस जारी नहीं करनी चाहिए?''

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement