पलवल: हरियाणा के पलवल के पास आज कोहरे के बीच एक लोकल ट्रेन दिल्ली जा रही लोकमान्य तिलक हरिद्वार एक्सप्रेस से टकरा गई जिससे एक ट्रेन के चालक की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे में दोनों ट्रेनों के सभी यात्री सुरक्षित रहे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी भंयकर थी कि लोकमान्य तिलक हरिद्वार एक्सप्रेस का गार्ड डब्बा व ईएमयू गाडी का इंजन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए जिससे ईएमयू का चालक एवं सहचालक अंदर फंस गए।
यात्रियों ने बड़ी मुश्किल से दोनों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। पलवल-गाजियाबाद ईएमयू के चालक यशपाल की अस्पताल में मौत हो गई जबकि सहचालक की हालत गंभीर बताई जाती है।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता नीरज शर्मा ने बताया कि हादसे में पलवल-गाजियाबाद ईएमयू के चालक की मौत हो गई तथा ट्रेन का सहचालक और एक्सप्रेस ट्रेन का गार्ड घायल हो गया। उन्होंने कहा कि आज सुबह कोहरा था जिसके चलते ईएमयू का चालक संभवत: सिग्नल नहीं देख पाया और ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी।