1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CM शिवराज को Twitter पर जान से मारने की धमकी देने वाले दो सगे भाई अरेस्ट, जमानत पर रिहा

CM शिवराज को Twitter पर जान से मारने की धमकी देने वाले दो सगे भाई अरेस्ट, जमानत पर रिहा

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Aug 09, 2018 11:17 pm IST,  Updated : Aug 09, 2018 11:17 pm IST

जितेन्द्र मई में ही पाकिस्तान से वापस सिवनी जिले में अपने घर वापस आया है। जितेन्द्र अनजाने में सीमा पार कर पाकिस्तान चला गया था।

shivraj singh chouhan- India TV Hindi
shivraj singh chouhan

भोपाल: मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में रहने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। भोपाल पुलिस की साइबर शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुदीप गोयंका ने बताया, ‘‘हमने जितेन्द्र अर्जुनवार (32) और भरत अर्जुनवार (25) को भादवि और आईटी अधिनियम की सम्बद्ध धाराओं में गिरफ्तार किया। जितेन्द्र ने 5 अगस्त से 7 अगस्त के बीच पांच बार ट्वीट किया कि वह मुख्यमंत्री को जान से मार देगा।’’ उन्होंने कहा कि भरत अपने भाई के लिए सिम लाया था और धमकी देने के लिए उसका ट्विटर खाता शुरू किया।

एएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया का परीक्षण करने के दौरान हमें 7 अगस्त को यह ट्वीट मिला। इसमें जितेन्द्र ने ट्वीट किया था, ‘‘मैं मुख्यमंत्री को जान से मार दूंगा, अगर वह सिवनी आए और मैं मजाक नहीं कर कर रहा हूं, सच बोल रहा हूं, मैं इस महीने मार दूंगा।’’

मालूम हो कि जितेन्द्र मई में ही पाकिस्तान से वापस सिवनी जिले में अपने घर वापस आया है। जितेन्द्र अनजाने में सीमा पार कर पाकिस्तान चला गया था। मुख्यमंत्री चौहान अपनी जनआशीर्वाद यात्रा के तहत सिवनी जिले में आए थे। प्रदेश में कुछ माह बाद ही विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।

एएसपी ने बताया कि दोनों भाइयों को जमानती धाराओं में गिरफ्तार किया गया। दोनों को सिवनी से भोपाल लाया गया और विस्तृत पूछताछ के बाद दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘जितेन्द्र ने कुछ व्यक्तिगत कारणों या शायद प्रसिद्धि पाने के लिए यह धमकी भरा ट्वीट किया था। इस धमकी के पीछे किसी संगठन का हाथ नहीं पाया गया है।’’

सूत्रों के मुताबिक जितेन्द्र को हिपबोन में सिकल सेल एनीमिया नामक बीमारी है और इसकी वजह से वह बिना सहारे के चल नहीं पाता है। जब वह पाकिस्तान से सिवनी वापस आया तो प्रदेश सरकार ने बीमारी के इलाज के लिए उसकी सहायता करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसकी वजह से वह सरकार और मुख्यमंत्री से नाराज था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत