श्रीनगर: श्रीनगर से 12 किलोमीटर दूर पंपोर में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आज दो आतंकी मारे गए। पुलिस ने बताया कि यह मुठभेड़ तब हुई जब सुरक्षा जांच चौकी पर रूकने का इशारा किये जाने पर पिकअप वैन में सवार आतंकी सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाने लगे।
उन्होंने बताया कि तुरंत ही इलाके को चारों तरफ से घेर लिया गया और इसके बाद मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। कुछ आतंकियों के अनंतनाग से श्रीनगर की तरफ जाने संबंधी सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने राजमार्ग पर पंपोर इलाके के सेमपुरा में एक अस्थायी जांच चौकी बनाई थी।
इससे पहले सोमवार को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात आतंवादियों द्वारा CRPF के काफिले पर किए गए हमले में 6 जवान घायल हो गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि आतंकवादियों ने यहां से 50 किलोमीटर दूर बीजबेहरा के समथान में ग्रीन टनल के नजदीक श्रीनगर से जम्मू जा रहे एक काफिले में शामिल सीआरपीएफ की एक बस पर हमला किया। उन्होंने बताया था कि हमले में सीआरपीएफ के छह जवान घायल हो गए।