श्रीनगर/जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राज्य के गांदरबल जिले से सोमवार को पाकिस्तान समर्थक संगठन हिज़्ब-उल-मुजाहिदीन से जुड़े दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि एक विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर दो आतंकवादी को गिरफ्तार किया।
Related Stories
पुलिस के अनुसार उनकी शिनाख्त चांदी खटाना और वाजिद अली खटाना के तौर पर हुई है। दोनों जंडीवाड़ा राजौरी के रहने वाले हैं। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार ये दोनों आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का हिस्सा हैं और सक्रिय आतंकवादियों के लिए मददगार के तौर पर काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि वे आतंकवादियों को हथियारों और गोला-बारूद देने और इलाके में आतंकी हमला करने के लिए सक्रिय दहशतगर्दों का मार्गदर्शन करने के लिए भी जिम्मेदार थे। इसके अलावा उनका आतंकवाद के नेटवर्क को मजबूत करना भी काम था। प्रवक्ता ने बताया कि उनके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री और हथियार तथा गोला-बारूद बरामद हुआ है। आपत्तिजनक सामग्री को जब्त कर लिया गया है।