नई दिल्ली: उरी में आर्मी कैंप पर आतंकी हमले के बाद हिंदुस्तान में पाकिस्तान को माकूल जवाब की मांग जोर पकड़ रही है। भारत आतंकी हमले का जवाब कैसे देगा, सरकार किन विकल्पों पर विचार कर रही है? क्या पाकिस्तान के खिलाफ देशभर से उठ रही कार्रवाई की मांग पर सरकार चुप रहेगी? क्या सरकार सर्जिकल स्ट्राइक के ऑप्शन पर विचार कर रही है? इन सब सवालों पर विदेश राज्यमंत्री और पूर्व आर्मी चीफ जनरल वीके सिंह से बात की इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर एन चीफ रजत शर्मा ने।
केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख ने इंडिया टीवी को कहा कि उरी हमले की जवाबी कार्रवाई जरूर की जाएगी, लेकिन इस क्रम में जल्दबाजी में कोई कदम उठाने की बजाय रणनीतिक रूप से सोच-विचार कर ही कोई कदम उठाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भावनाओं, गुस्से से प्रभावित हुए बगैर कार्रवाई करने की जरूरत है। इसे शांत तरीके से और उपयुक्त योजना के साथ करना होगा।
बता दें, उरी में रविवार को सेना के शिविर पर हुए हमले में 18 लोग शहीद हो गए। उरी हमले में पाकिस्तान का हाथ होने के सबूत सामने आए हैं। आतंकियों के कब्जे से जीपीएस ट्रैकर मिला है जिसका स्टार्टिंग प्वाइंस पाकिस्तान है। इसके अलावा इनके पास से पश्तो साहित्य और पाकिस्तानी सेना के चिह्न लगे हथियार बरामद हुए हैं।