1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राम मंदिर पर सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं: VHP

राम मंदिर पर सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं: VHP

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 22, 2015 06:34 am IST,  Updated : Dec 22, 2015 06:34 am IST

विश्व हिन्दू परिषद् ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के मामले में उसे सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं मिले हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस संबंध में संसद में बने कानून के माध्यम से अयोध्या में मंदिर निर्माण होगा।

ram mandir- India TV Hindi
ram mandir

नई दिल्ली: विश्व हिन्दू परिषद् ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के मामले में उसे सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं मिले हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि इस संबंध में संसद में बने कानून के माध्यम से अयोध्या में मंदिर निर्माण होगा। पत्थरों सहित अन्य निर्माण सामग्री के अयोध्या पहुंचने संबंधी मीडिया में आयी खबरों पर उन्होंने कहा कि यह सामान्य गतिविधि है और वर्षों से चल रही है। विहिप ने कहा कि वह राम जन्मभूमि मामले में कानूनी फैसले का सम्मान करता है।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय सचिव चम्पत राय ने एक बयान में कहा, राम मंदिर पर हमें सरकार से कोई संकेत नहीं मिले हैं। अयोध्या के संतों और विहिप ने हमेशा ही कहा है कि कानून बनाकर संसद राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ करेगी। विहिप नेता ने कहा कि अयोध्या के स्वामी नृत्य गोपाल दास के बयानों के हवाले से मीडिया में आयी कुछ खबरें दिग्भ्रमित करने वाली और मनगढ:त हैं।

चम्पत राय ने कहा, स्वामी नृत्य गोपाल दास अयोध्या के पूजनीय संत हैं जो कानून का सम्मान करते हैं। अयोध्या में 1990 से ही पत्थर लाए जाते हैं और रामसेवक धाम में संरक्षित किए जाते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या आते हैं और इसे लेकर कभी भी कानून-व्यवस्था की समस्या खड़ी नहीं हुई है। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि संसद कानून बनाकर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ करेगी। संत, विहिप और हिन्दू समुदाय ने हमेशा ही न्यायपालिका का सम्मान किया है और उसमें पूरा विश्वास रखा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत