1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. इस साल नहीं पड़ेगी कड़कड़ाने वाली सर्दी, भारतीय मौसम पर रहेगा अल नीनो का असर: मौसम विभाग

इस साल नहीं पड़ेगी कड़कड़ाने वाली सर्दी, भारतीय मौसम पर रहेगा अल नीनो का असर: मौसम विभाग

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 21, 2018 11:48 am IST,  Updated : Oct 21, 2018 11:48 am IST

मौसम विभाग के अनुसार भारत में पिछले सालों की तुलना में इस साल सर्दी का थोड़ा कम असर देखने को मिल सकता है।

Winter will be warmer this year- India TV Hindi
Winter will be warmer this year

नई दिल्ली। इस साल कड़कड़ाने वाली सर्दी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए निराशाजनक खबर है। मौसम विभाग के अनुसार भारत में पिछले सालों की तुलना में इस साल सर्दी का थोड़ा कम असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अगले कुछ महीनों में प्रशांत महासागर में अल नीनो की मौजूदगी के मद्देनजर यह आशंका जतायी है। 

विभाग ने प्रशांत महासागर में अल नीनो का प्रभाव दक्षिण में भूमध्य तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर इसका असर भारत में अगले दो से तीन महीनों के दौरान दिखने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विज्ञानिकों के मुताबिक, अल नीनो के प्रभाव से समुद्री सतह का तापमान बढ़ने लगता है। इसका प्रभाव तटीय इलाकों में गर्मी में इजाफे के रूप में दिखता है। 

विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अरब सागर और प्रशांत महासागर में अल नीनो की मौजूदगी का प्रभाव भारत में सर्दी के दौरान तुलनात्मक रूप से तापमान में कम गिरावट के रुप में दिख सकता है। उन्होंने बताया कि समुद्री जल के तापमान में इजाफे के लिये जिम्मेदार अल नीनो का असर धीरे धीरे अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी एक बयान में भी अल नीनो के भारत में इस साल सर्दी के मौसम पर पड़ने वाले प्रभाव को स्वीकार करते हुये कहा गया है कि फिलहाल यह हिंद महासागर से भूमध्य रेखीय क्षेत्रों की ओर अग्रसर है। 

अधिकारी ने बताया कि भारत के उत्तरी राज्यों में सर्दी के दौरान जनवरी माह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का संक्षिप्त दौर देखने को मिलता है। यह बारिश तापमान में गिरावट की मूल वजह बनती है, लेकिन इस साल अल नीनो के संभावित प्रभाव को देखते हुये पश्चिमी विक्षोभ पर भी असर पड़ सकता है। इसकी वजह से सामान्य तौर पर होने वाली बारिश में कमी, तापमान में गिरावट को रोकने वाली साबित हो सकती है जिसका असर कम सर्दी के रूप में देखने को मिल सकता है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत