1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. "1 लाख वैक्सीन डोज बर्बाद हो गई तो कोई बड़ी बात नहीं", पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री का बयान

"1 लाख वैक्सीन डोज बर्बाद हो गई तो कोई बड़ी बात नहीं", पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री का बयान

 Published : Apr 21, 2021 12:36 pm IST,  Updated : Apr 21, 2021 12:36 pm IST

पंजाब सरकार लगातार केंद्र से वैक्सीन की सप्लाई बढ़ाने की मांग भी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा है कि उन्होंने केंद्र से मांग की है कि राज्य के पास कम से कम 15 लाख वैक्सीन डोज का स्टॉक होना चाहिए,

पंजाब के स्वास्थ्य...- India TV Hindi
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू Image Source : INDIA TV

चंडीगढ़। एक तरफ कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व देश से वैक्सीन के निर्यात को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रही है तो वहीं दूसरी तरफ पार्टी के नेता देश में वैक्सीन की बर्बादी पर असंवेदनशील बयान दे रहा है। पंजाब की कांग्रेस सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा है कि पंजाब में "अगर 30 लाख वैक्सीन डोज में से 1 लाख या एक लाख 60 हजार खराब भी हो गई तो कोई बड़ी बात नहीं है।" देशभर में वैक्सीन बर्बाद करने वाले राज्यों में पंजाब तीसरे स्थान पर है और इंडिया टीवी ने जब उनसे वैक्सीन की बर्बादी को लेकर सवाल किया तो उन्होंने ऐसा जवाब दिया। पंजाब में बुधवार सुबह 7 बजे तक 25.95 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन का टीका लगाया जा चुका है। 

आज ही कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने देश से वैक्सीन निर्यात को लेकर सवाल उठाया है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि जनवरी से मार्च के दौरान जब देश में सिर्फ 3-4 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग पाई थी तो देश से 6 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन डोज का निर्यात कर दिया गया था। 

पंजाब सरकार लगातार केंद्र से वैक्सीन की सप्लाई बढ़ाने की मांग भी कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा है कि उन्होंने केंद्र से मांग की है कि राज्य के पास कम से कम 15 लाख वैक्सीन डोज का स्टॉक होना चाहिए, बलबीर सिद्धू ने कहा कि कल 24 घंटे का वैक्सीन स्टॉक बचा हुआ था और औज 2 लाख डोज पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पंजाब के पास रोजाना 3 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की क्षमता है। वैक्सीन की सफलता पर उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 80 प्रतिशत फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन लगाई गई थी उनमें कुछ लोग दोबारा पॉजिटिव तो हुए लेकिन मृत्यु दर शून्य हो गया। 

सूचना के अधिकार से मिली एक जानकारी के अनुसार देशभर में वैक्सीन को बर्बाद करने के मामले में पंजाब तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर तमिलनाडु है और दूसरे पर हरियाणा। मिली जानकारी के अनुसार तमिलनाडु को भेजी गई कुल वैक्सीन डोज में से 11 अप्रैल तक 12.10 प्रतिशत बर्बाद हुई हैं, हरियाणा में 9.74 प्रतिशत और पंजाब में 8.12 प्रतिशत डोज बर्बाद हुई हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत