कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में छिटपुट हिंसा की खबरों के बीच 56 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 79.70 प्रतिशत मतदान हुआ। यह जानकारी खुद चुनाव आयोग ने दी है। उत्तर बंगाल के छह जिलों अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी, दार्जीलिंग, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा तथा दक्षिण बंगाल के बीरभूम जिले में तीन बजे तक कुल 70.82 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
बीरभूम के सात विधानसभा क्षेत्रों में मतदान चार बजे समाप्त हो गया जिन्हें वामपंथी उग्रवाद प्रभावित चिह्नित किया गया था। बाकी विधानसभा क्षेत्रों में शाम छह बजे तक मतदान जारी रहेगा। तृणमूल कांग्रेस के विवादित नेता अनुव्रत मंडल अपनी शर्ट पर पार्टी का चुनाव चिह्न दर्शाते हुए मतदान करने गए जिससे उन्होंने एक और विवाद को जन्म दिया। वह पहले से ही चुनाव आयोग की हर पल निगरानी में हैं।
पार्टी के बीरभूम जिला अध्यक्ष मंडल ने बाद में कहा, मुझे इसका पता नहीं था। लेकिन पीठासीन अधिकारी मुझे इस तरह जाने से रोक सकते थे। कांग्रेस ने मंडल द्वारा कथित रूप से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। रविवार को कोलकाता में मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि राज्य में मतदान केन्द्र पर कब्जा और फर्जी मतदान जारी है।
उन्होंने कहा, केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बाजवूद बूथों पर भूत हैं। पुलिस ने बताया कि मालदा के इंग्लिश बाजार विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ के सामने माकपा और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़प हुई जिसमें तृणमूल के पोलिंग एजेंट सहित दो लोग घायल हो गए। समस्या उस समय शुरू हुई जब तृणमूल कांग्रेस के पोलिंग एजेंट ने माकपा द्वारा कथित रूप से बूथ में गडबडी करने का विरोध किया था जिसके बाद संघर्ष शुरू हो गया।