नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह गर्म रही। न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिन में आंशिक रूप से बदली छाई रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं।
सुबह 8.30 बजे वातावरण में 88 फीसदी आद्र्रता दर्ज की गई।
वहीं, एक दिन पहले मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 15.2 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मध्य प्रदेश में धूप खिली
मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर बुधवार को आसमान साफ है और अच्छी धूप निकली हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर बौछारें और ओले पड़ने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, खंडवा आदि स्थानों पर ओले गिरने का अनुमान जताया है।
राज्य के मौसम में जारी बदलाव से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। भोपाल का बुधवार को न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री, इंदौर का 19.4 डिग्री, ग्वालियर का 15.4 डिग्री और जबलपुर का 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री, इंदौर का 33.4 डिग्री, ग्वालियर का 33.3 डिग्री और जबलपुर का 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बिहार में मौसम सुहावना
बिहार में राजधानी पटना सहित अन्य स्थानों पर बुधवार सुबह मौसम सुहवना बना रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाने तथा तापमान में वृद्धि के आसार जताए हैं। राजधानी पटना में बुधवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।
इसके अलावे पूर्णिया और गया का बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री तथा भागलपुर का 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का मंगलवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री, पूर्णिया का 32.8 डिग्री, भागलपुर का 34.4 डिग्री और गया का 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।