नई दिल्ली: इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में महिला पैंसेजर को इसलिए चढ़ने नहीं दिया गया, क्योंकि उसने शॉर्ट ड्रेस पहन रखी थी। फ्लाइट के स्टाफ ने महिला से कहा कि अश्लील ड्रेस पहनकर आप विमान में सफर नहीं कर सकती हैं। बाद में महिला पैसेंजर ट्राउजर पहनकर आई और फिर उसे दूसरी फ्लाइट में बिठाया गया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो ने मामले की पुष्टि की लेकिन कहा कि उन्होंने महिला को इसलिए रोका क्योंकि यह उनके एक खास ड्रेस कोड के मुताबिक नहीं था। इस कोड के तहत, इंडिगो के किसी कर्मी या कर्मी के रिश्तेदार पर यह ड्रेस कोड लागू होता है यदि वे एयरलाइन द्वारा ऑफर किए गए 'स्टाफ लीजर ट्रेवल प्रीवेलज' का फायदा लेते हैं। यह महिला इंडिगो की पूर्व एंप्लॉयी हैं और उनकी बहन इसी एयरलाइन में काम करती हैं।
सहयात्री पूर्बी दास के मुताबिक, वह महिला सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली जाने वाली फ्लाइट पकड़ने वाली थीं। लेकिन उन्हें इस सबके चलते यह फ्लाइट मिस करनी पड़ी। दास भी दोहा से मुंबई की कतर एयरवेज फ्लाइट उस महिला के साथ थीं।
दास ने कहा- जब मैं कनेक्टिंग फ्लाइट का वेट कर रही थी तो मैंने शोरगुल सुना और पाया कि वह महिला रो रही है। वहां इंडिगो के 3 कर्मी भी खड़े थे जो उस महिला को फ्लाइट में जाने नहीं दे रहे थे। वे उसे कह रहे थे कि उसने उचित कपड़े नहीं पहने हैं।
दास का कहना है कि उसने अशोभनीय कपड़े नहीं पहने थे। उनसे दोहा एयरपोर्ट पर भी नहीं रोका गया। महिला ने एक फ्रॉक पहनी हुई थी जो उसके घुटने से जरा सी ऊपर थी। एक अन्य पैसेंजनर देव्यादत्त साहू ने आरोप लगाया कि स्टाफ ने उसे कहा कि यदि इस मामले में दखल दिया तो उसे भी फ्लाइट में नहीं चढ़ने दिया जाएगा।
बाद में उस महिला को जाकर कपड़े चेंज करने पड़े। साहू और दास ने मामले की शिकायत एयरलाइन के कस्टमर सर्विस डिपार्टमेंट में दर्ज करवाई लेकिन उन्हें कहा गया कि स्टाफ प्रोटोकॉल का पालन भर कर रहा है। ट्राउजर पहन कर आने के बाद महिला को अगली फ्लाइट में जाने दिया गया।