नई दिल्ली:चीन की स्मार्टफोन कंपनी शियोमी ने कहा कि भारत में बिकने वाले उसके 75 प्रतिशत हैंडसेट मेड इन इंडिया हैं। कंपनी ने करीब सात महीने पहले विशाखापट्टनम में अपनी असेंबली इकाई शुरू की थी। गौरतलब है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेड इन इंडिया मुहिम को सफल बनाने में जी जान से जुटे हैं। ऐसे में एक बड़ी फोन निर्माता कंपनी का ऐसा बयान इस मुहिम को बल दे सकता है।
पिछले साल अगस्त में शियोमी ने ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन के साथ भागीदारी में अपने फोनों के लिए स्थानीय असेंबली शुरू की थी। कंपनी का लक्ष्य दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते स्मार्टफोन बाजार का फायदा उठाना है। शियोमी के वैश्विक उपाध्यक्ष हुगो बारा ने कहा, कुछ ही महीनों में यह इकाई रफ्तार पकड़ चुकी है। अब हमारे 75 प्रतिशत हैंडसेट भारत में बने होते हैं। यह एक बड़ी उपलब्धि है जो हम हासिल करने में कामयाब रहे हैं। हालांकि, उन्होंने फोन उत्पादन और बिक्री के आंकड़ों के बारे में नहीं बताया।