1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसम 5 दिसंबर 2024: कश्मीर में पारा जीरो डिग्री से नीचे, अब दिल्ली में भी बढ़ेगी ठंड, मुंबई में 16 साल का रिकॉर्ड टूटा

आज का मौसम 5 दिसंबर 2024: कश्मीर में पारा जीरो डिग्री से नीचे, अब दिल्ली में भी बढ़ेगी ठंड, मुंबई में 16 साल का रिकॉर्ड टूटा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 05, 2024 06:58 am IST,  Updated : Dec 05, 2024 07:18 am IST

उत्तर भारत में लगातार ठंड बढ़ रही है, लेकिन दक्षिण भारत में इसका असर कम है। दक्षिण-पूर्वी राज्यों में बारिश हो रही है। वहीं, मुंबई जैसे शहरों में अभी भी ठंड का एहसास नहीं हो रहा है।

Rain- India TV Hindi
दक्षिण-पूर्वी राज्यों में बारिश का दौर जारी है Image Source : PTI

पहाड़ों में बर्फबारी और तेज हवाओं का असर दिल्ली में देखने को मिल रहा है। यहां की हवा साफ होने के साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में यहां धुंध छाए रहने के आसार हैं। पहाड़ों में बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में उत्तर और मध्य भारत में भी ठंड बढ़ने की पूरी संभावना है। कश्मीर में अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री से नीचे रहा। हालांकि, देश के दक्षिणी हिस्सों में अब तक ठंड का एहसास नहीं हो रहा है। मुंबई में बुधवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो यहां पिछले 16 वर्ष में दिसंबर का सबसे गर्म दिन रहा। दक्षिण-पूर्वी राज्यों में अभी भी चक्रवात फेंगल का असर देखने को मिल रहा है। इस वजह से कई इलाकों में बारिश हो रही है।

उत्तर भारत में तेज हवाओं के चलते दिल्ली के लोगों को राहत मिली है। दिल्ली की हवा पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है और अब मध्यम श्रेणी में आ चुकी है। हवाओं के चलने की वजह से प्रदूषण के कण छिटक गए और दूर चले गए। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी कि IMD के एक अधिकारी ने कहा कि शहर में बुधवार से 7 दिसंबर तक तेज हवाएं चलने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की उम्मीद है, जिसके कारण 8 दिसंबर से मध्यम कोहरा छाने लगेगा।

आज दिल्ली में धुंध छाए रहने का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, साफ हवा के साथ दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.5 डिग्री ज्यादा है और दिन में ह्यूमिडिटी का स्तर 66 से 44 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को धुंध छाए रहने का अनुमान जताया है और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

कश्मीर में पारा शून्य से नीचे

जम्मू कश्मीर में पारा शून्य से नीचे जा चुका है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम जगहों पर न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री से कम था। अधिकारियों ने बताया कि कोकेरनाग को छोड़कर घाटी में मौसम विभाग के सभी केंद्रों पर न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री से कम रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो मंगलवार रात को शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा और गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

मुंबई में 16 साल का रिकॉर्ड टूटा

मुंबई में बुधवार (4 दिसंबर) पिछले 16 वर्ष में दिसंबर का सबसे गर्म दिन रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार को मुंबई का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उपनगरों के तापमान पर नजर रखने वाली सांताक्रूज वेधशाला ने बताया कि मुंबई में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोलाबा मौसम केंद्र ने यहां का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि कलिना वेधशाला ने पांच दिसंबर 2008 को मुंबई का तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह 29 नवंबर को मुंबई का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले आठ वर्षों में नवंबर में सबसे कम तापमान था। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत