Sunday, March 08, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आंध्र प्रदेश इंजीनियरिंग कॉलेज: लड़कियों के वॉशरूम में कैमरा, क्या है 300 अश्लील वीडियो की हकीकत ?

आंध्र प्रदेश इंजीनियरिंग कॉलेज: लड़कियों के वॉशरूम में कैमरा, क्या है 300 अश्लील वीडियो की हकीकत ?

Edited By: Shakti Singh Published : Aug 31, 2024 08:29 am IST, Updated : Aug 31, 2024 10:57 am IST

आंध्र प्रदेश के एक इंजीनरिंग कॉलेज में लड़कियों के वॉशरूम में छिपा हुआ कैमरा पाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि छात्राओं के शौचालय से कोई कैमरा नहीं मिला है।

Policemen- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV छात्रों के विरोध के दौरान पुलिसकर्मी

कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के बाद देश में महिलाओं की सुरक्षा का मामला चर्चा में है। इस बीच आंध्र प्रदेश के एक इंजीनरिंग कॉलेज में लड़कियों के वॉशरूम में छिपा हुआ कैमरा पाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि छात्राओं के शौचालय से कोई कैमरा नहीं मिला है। इंजीनरिंग कॉलेज के छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और तब तक कक्षा में नहीं जाने की बात कह रहे हैं, जब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो जाती है।

इस मामले में कॉलेज के ही एक छात्र पर आरोप लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस मामले पर जांच के आदेश दिए हैं। कृष्णा जिले के एसआर गुड्लावल्लेरु इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरुवार मध्यरात्रि से हजारों की संख्या में विद्यार्थी इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। आइए जानते हैं इस मामले में अब तक क्या हुआ?

  • आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले में एसआर गुडलवल्लेरु इंजीनियरिंग कॉलेज में गर्ल्स हॉस्टल के वॉशरूम से हिडन कैमरा मिलने की बात सामने आई। वॉशरूम में हिडन कैमरा मिलने से छात्राओं के बीच हड़कंप मच गया। छात्राओं ने गुरुवार रात न्याय की मांग करते हुए विरोध जताया।
  • कॉलेज में तनाव का माहौल बनने के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मामले की जांच के आदेश दिए। पुलिस ने इस मामले में विजय शाह नाम के कॉलेज स्टुडेंट को ही गिरफ्तार किया। कथित तौर पर उसके लैपटॉप में 300 अश्लील वीडियो मिले। आशंका जताई गई कि आरोपी ने ये वीडियो कॉलेज के अन्य छात्रों को बेंचे हैं।
  • एक लड़की ने बताया कि जब वह वॉशरूम गई तो उसे कुछ अजीब लगा, इसी दौरान उसने पाया कि यहां पर वीडियो कैप्चर करने के लिए एक कैमरा लगा हुआ था। छात्रा ने इसकी जानकारी कॉलेज प्रशासन को दी। छात्रों ने निजता के उल्लंघन और उसके बाद वीडियो के प्रसार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। 
  • मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने जांच के आदेश दिए और राज्य के खनन मंत्री के रविंद्र, कृष्णा के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को कॉलेज का दौरा करने का भी निर्देश दिया। पुलिस के आधिकारिक बयान में कहा गया कि लड़कियों के छात्रावास में कोई गुप्त कैमरा नहीं मिला। आरोपों का कोई सबूत नहीं मिला। लड़कियों को इस मुद्दे पर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
  • पुलिस ने कहा कि छात्रों और कॉलेज स्टाफ की मौजूदगी में संदिग्धों के लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक समान की भी जांच की। आरोपों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। राज्य के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने भी इस कथित मामले की जांच के आदेश दिए। 
  • मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने विरोध कर रहे छात्रों से अपील की है कि अगर उनके पास वॉशरूम में कैमरा होने का कोई सबूत है तो उसे साझा करें। (इनपुट- पीटीआई भाषा)

यह भी पढ़ें-

पीएम मोदी आज 3 वंदे भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, जानिए रूट, स्टॉपेज और समय

गुजरात छोड़ इस अरब देश में तबाही मचा सकता है चक्रवात असना, जानें वैज्ञानिक क्यों हो रहे हैरान

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement