1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत जोड़ो यात्रा 'असली' राहुल गांधी को लाई सामने, बदली पूरी छवि- जयराम रमेश

भारत जोड़ो यात्रा 'असली' राहुल गांधी को लाई सामने, बदली पूरी छवि- जयराम रमेश

 Published : Nov 15, 2022 07:18 pm IST,  Updated : Nov 15, 2022 07:18 pm IST

कांग्रेस की ‘‘भारत जोड़ो’’ यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और अब तक छह राज्यों के 28 जिलों से गुजर चुकी है। यह यात्रा करीब 150 दिनों में 12 राज्यों में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद जनवरी में जम्मू कश्मीर में समाप्त होगी।

भारत जोड़ो यात्रा...- India TV Hindi
भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी Image Source : FILE

पिछले 2 महीनों से ज्यादा दिनों से चली आ रही भारत जोड़ो यात्रा अभी महाराष्ट्र में है। यात्रा का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं। इस यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता समेत ब्लॉक के कार्यकर्ता और नेता शामिल हो रहे हैं। कांग्रेस ने नेताओं के अनुसार, इस पदयात्रा को जनता के के द्वारा जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इसी बीच आज कांग्रेस के महासचिन जयराम रमेश ने कहा कि, इस यात्रा से असली राहुल गांधी जनता के सामने आए हैं। 

'इस यात्रा का चुनावों से कोई संबंध नहीं' 

महाराष्ट्र में मीडिया से बात करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि, राहुल गांधी के अगुवाई में पूरे देश में की जा रही यात्रा का किसी भी राज्य के चुनाव से कोई संबंध नहीं है और अगर इसके प्रभाव का आकलन करना है तो यह 2024 के लोकसभा चुनाव में ही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कहा कि, राहुल गांधी डेटॉल या फेविकोल ब्रांड नहीं हैं कि उन्हें फिर से रीब्रांडेड करना पड़े । उन्होंने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा से पहले भाजपा ने उनकी खास छवि बना दी थी, खासकर सोशल मीडिया पर। इसने कभी भी सही राहुल गांधी को चित्रित नहीं किया। भारत जोड़ो यात्रा नए राहुल गांधी को नहीं, असली राहुल गांधी को दिखा रही है।”

भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी
Image Source : FILEभारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे राहुल गांधी

'आज सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की छवि बदली है' 

जयराम रमेश के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा से राहुल गांधी की छवि में पूरी तरह से बदलाव आया है। आज मीडिया या सोशल मीडिया में राहुल गांधी वैसे नहीं हैं जो 70 दिन पहले थे। उन्होंने कहा कि 3,570 किलोमीटर लंबी यात्रा का फायदा यह है कि वह (राहुल) बिना किसी बिचौलिए के, लोगों के साथ सीधे संपर्क में हैं। इसका नतीजा यह है कि असली राहुल गांधी सबके सामने हैं।

भारत जोड़ो यात्रा ने की अपने 69वें दिन में एंट्री, महाराष्ट्र के वाशिम के लिये रवाना

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश
Image Source : FILEकांग्रेस महासचिव जयराम रमेश

'इस यात्रा से कांग्रेस का कार्यकर्ता एकजुट हुआ है'

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि, यात्रा का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है और यह एक अलग पहल है। उन्होंने कहा, “यह एक राजनीतिक दल की यात्रा है और हम समाज में आर्थिक असमानता, ध्रुवीकरण जैसी राजनीतिक चुनौतियों से लड़ रहे हैं। यात्रा में शामिल 90% लोग राजनीतिक हैं।” कांग्रेस नेता ने कहा कि 70 दिनों में एक चीज़ स्पष्ट रूप से दिखाई दी है, “हम किस तरह से एकजुट हुए हैं और किस तरह से हमने समय पर यात्रा शुरू की है। एक भारतीय मानक समय होता है और एक कांग्रेस मानक समय है।” उन्होंने कहा कि यात्रा का प्रभाव पार्टी पर निर्भर करेगा न कि गांधी पर। रमेश ने कहा कि महाराष्ट्र में अब तक जहां जहां यात्रा पहुंची है वहां सेवा दल के कार्यकर्ता घर घर जाकर पर्चे बांट कर पार्टी का संदेश दे रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत