1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Manipur Cabinet Expansion: मणिपुर में बीरेन सिंह मंत्रिमंडल का विस्तार, 6 अन्य मंत्रियों ने ली शपथ

Manipur Cabinet Expansion: मणिपुर में बीरेन सिंह मंत्रिमंडल का विस्तार, 6 अन्य मंत्रियों ने ली शपथ

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 16, 2022 05:17 pm IST,  Updated : Apr 16, 2022 05:18 pm IST

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए छह और मंत्रियों को शामिल किया। नये कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा विधायक लेत्पाओ हाओक्पी, सपम रंजन सिंह, टी. बसंत सिंह, एल सुसिन्द्रो मेतेई और एच. डिंगो सिंह और नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के चिंगाई विधायक खासिम वशुम शामिल हैं।

Biren Singh cabinet expansion in Manipur- India TV Hindi
Biren Singh cabinet expansion in Manipur Image Source : TWITTER

Highlights

  • बीरेन सिंह ने किया कैबिनेट का विस्तार
  • मंत्रिमंडल में शामिल हुए 6 और मंत्री
  • राज्यपाल ला गणेशन ने दिलाई शपथ

इम्फाल। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शनिवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए छह और मंत्रियों को शामिल किया। नये कैबिनेट मंत्रियों में भाजपा विधायक लेत्पाओ हाओक्पी, सपम रंजन सिंह, टी. बसंत सिंह, एल सुसिन्द्रो मेतेई और एच. डिंगो सिंह और नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के चिंगाई विधायक खासिम वशुम शामिल हैं। 

राज्यपाल ला गणेशन ने यहां राजभवन में इन सभी को शपथ दिलाई। हालांकि उनके विभागों की घोषणा अभी नहीं की गयी है। भाजपा के राज्य में लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद गत 21 मार्च को सिंह और उनके पांच सहयोगियों ने मंत्री पद की शपथ ली थी। हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा को 32 सीट मिली थी, जबकि एनपीएफ ने पांच सीट पर कब्जा किया था। 

बीरेन सिंह सरकार को एनपीएफ, जद यू, कुकी पीपुल्स अलायंस (केपीए) और निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। साठ सदस्यीय राज्य विधानसभा में पांच सीट जीतने वाली कांग्रेस एक मात्र विपक्षी दल है। बता दें कि नए मंत्रियों में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लटपाओ हाओकिप, जो पिछली भाजपा सरकार में मंत्री थे, और पूर्व आईपीएस अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री चाओबा सिंह के बेटे बसंता सिंह शामिल हैं। इसके अलावा तीन युवा नेता डॉ सपम रंजन सिंह, एल सुसिंड्रो मैतेई, और एच डिंगो सिंह भी मणिपुर के नए मंत्रिमंडल में शामिल हुए और एनपीएफ के कासिम वसुम ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

बताते चलें कि इससे पहले बीरेन सिंह और पांच अन्य मंत्रियों ने 21 मार्च को मंत्री पद की शपथ ली थी, जब भाजपा ने हाल ही में 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीटें जीतकर एक बार फिर से सत्ता दोहराई थी। अब शनिवार को 6 और मंत्रियों को शपथ दिलाकर मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत