1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट कांग्रेस में हुए शामिल, बृजभूषण शरण सिंह बोले- एक दिन कांग्रेस को होगा पछतावा

बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट कांग्रेस में हुए शामिल, बृजभूषण शरण सिंह बोले- एक दिन कांग्रेस को होगा पछतावा

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Sep 07, 2024 09:00 am IST,  Updated : Sep 07, 2024 09:00 am IST

बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट कांग्रेस पार्टी में शामिल हो चुके हैं। इसे लेकर डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जो पटकथा लिखी गई, भूपेंद्र हुड्डा इसके लिए जिम्मेदार हैं।

BJP leader Brij Bhushan Sharan Singh on Vinesh Phogat and Bajrang Punia joining Congress- India TV Hindi
बृजभूषण शरण सिंह बोले- एक दिन कांग्रेस को होगा पछतावा Image Source : ANI

बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ले चुके हैं और पार्टी की तरफ से उन्हें जिम्मेदारी भी दे दी गई है। इस बीच विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा, "हरियाणा खेल के क्षेत्र में भारत का सिरमौर है। उन्होंने कुश्ती गतिविधियों को लगभग 2.5 साल तक रोक दिया। क्या यह सच नहीं है कि बजरंग एशियाई खेलों में बिना ट्रायल के चले गए? मैं उन लोगों से पूछना चाहता हूं जो कुश्ती के विशेषज्ञ हैं। मैं विनेश फोगाट से पूछना चाहता हूं कि क्या कोई खिलाड़ी एक दिन में 2 भार श्रेणियों में ट्रायल दे सकता है?"

बृजभूषण शरण सिंह बोले- कांग्रेस को एक दिन होगा पछतावा

उन्होंने कहा, "क्या वजन मापने के बाद 5 घंटे के लिए ट्रायल रोके जा सकते हैं? आप कुश्ती नहीं जीते, आप धोखाधड़ी करके वहां गए थे। भगवान ने आपको उसी की सजा दी है।" उन्होंने कहा कि मैं बेटियों का अपमान करने का दोषी नहीं हूं। अगर कोई बेटियों का अपमान करने का दोषी है, तो वह बजरंग और विनेश हैं और जिसने इसकी पटकथा लिखी, भूपेंद्र हुड्डा इसके लिए जिम्मेदार हैं। अगर वे (भाजपा) मुझसे (हरियाणा चुनाव में प्रचार करने के लिए) कहेंगे, तो मैं जा सकता हूं। एक दिन कांग्रेस को इसका पछतावा होगा।"

"18 जनवरी को शुरू हुई थी साजिश"

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, 'लगभग दो साल पहले, 18 जनवरी को इन खिलाड़ियों ने एक साजिश शुरू की थी। जिस दिन यह सब शुरू हुआ, मैंने कहा था कि यह एक राजनीतिक साजिश थी। इसमें कांग्रेस शामिल थी, दीपेंद्र हुड्डा और भूपिंदर हुड्डा भी शामिल थे। पूरी पटकथा लिखी गई, यह खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है। अब लगभग दो साल बाद यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस इस नाटक में शामिल थी।' बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वो (महिला पहलवान) झूठ बोल रही हैं। जिस समय वो धरने पर बैठी थीं, उस समय देश को लगा था कि इसमें कुछ सच्चाई हो सकती है। इसलिए देश के काफी लोग और विपक्षी पार्टियां उनके साथ आ गई थीं। लेकिन बीजेपी उनके विरोध में नहीं थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत