Breaking News Highlights: हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से छूट ना जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। पढ़ें दिन भर के बड़े अपडेट्स...
दिल्ली: भारत की G20 अध्यक्षता से संबंधित पहलुओं पर चर्चा करने के लिए 5 दिसंबर को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की और इसमें विभिन्न मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक नेताओं ने भाग लिया।
अमृतसर सेक्टर में तैनात BSF जवानों ने 3-4 दिसंबर की रात को पाकिस्तान की तरफ से आ रहे एक ड्रोन को गोली मारकर नीचे गिराया। हमने इलाके की छानबीन की और आज सुबह हमें ड्रोन और उसके साथ 1-1 किलो के 2 पैकेट में हेरोइन और 200 ग्राम अफ़ीम मिली: BSF कमांडेंट जसबीर सिंह
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में विधान सभा में पुनर्निर्मित गलियारे का उद्घाटन किया।
PM मोदी ने सभी राजनीतिक दलों से भारत की जी20 अध्यक्षता में भाग लेने का आह्वान किया। PM ने कहा यह एक सम्मान है जो भारत के पास आया है, ना कि किसी पार्टी या व्यक्ति के पास। यह प्रत्येक भारतीय का गौरव है। भारत के लिए यह गौरव होगा और इसलिए हम सभी को सहयोग से काम करना चाहिए: सूत्र
कांग्रेस ने सोमवार को उत्तराखंड की भाजपा नीत सरकार पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में 'वीआईपी' का नाम छिपाने का आरोप लगाया और कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी जानी चाहिए।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया इलाके में किसान आंदोलन के दौरान पिछले साल हुई हिंसा के मामले में यहां की एक स्थानीय अदालत ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा 'टेनी' के पुत्र आशीष मिश्रा 'मोनू' समेत 13 आरोपियों की आरोपमुक्त करने का अनुरोध करने वाली अर्जी सोमवार को खारिज कर दी।
NCP नेता अजित पवार ने कहा कि अगर राज्यपाल को हटाया जाएगा तब भी महाविकास आघाडी 17 दिसंबर को सुबह 11 बजे से मुंबई के भायखला से आजाद मैदान तक मोर्चा निकालेगी। कर्नाटक सीमा विवाद, छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान, महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे पर ये मोर्चा होगा।
मैनपूरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आज शाम 5 बजे तक 51.2 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा रामपुर उपचुनाव में 5 बजे तक 31.22% वोटिंग हुई।
उत्तरी दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में सोमवार को चार मंजिला एक इमारत ढह गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘इमारत खाली थी, इसलिए हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।’’ उन्होंने बताया कि सुबह पौने नौ बजे पुलिस को हादसे की सूचना मिली।
असम: गुवाहाटी के वशिष्ठ अमृत नगर नेपालीबस्ती इलाके में भीषण आग की खबर है। इस आग की घटना में कई घर जलकर खाक हो गए। पुलिस ने जानकारी दी है कि दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पंजाब में जालंधर जिले के एक गुरुद्वारा में बेअदबी की घटना के सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि फिल्लौर के मंसूरपुर गांव में स्थित गुरुद्वारे में रविवार रात को यह घटना हुई थी। उन्होंने बताया कि बेअदबी की घटना के सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
राजस्थान में सरदारशहर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को हो रहे मतदान में अपराह्न तीन बजे तक 54.95 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता के अनुसार, मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और अपराह्न तीन बजे तक 54.94 प्रतिशत तक मतदाताओं ने वोट डाला। सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में 2,89,843 मतदाता पंजीकृत हैं और 295 मतदान बूथ बनाए गए हैं।
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में चुनाव आयोग पहुंचा है। पार्टी ने मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में गड़बडी का आरोप लगाया है।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, आज हमने अपने द्विपक्षीय संबंधों के अलावा दिन के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इसमें यूक्रेन में संघर्ष, हिंद-प्रशांत सामरिक स्थिति शामिल रही।
जर्मनी की विदेश मंत्री अन्नालेना बेयरबॉक ने कहा, मैंने गांधी स्मृति से भारत की अपनी यात्रा शुरू की। जब मैंने आज गांधी के अंतिम कदमों का अनुसरण किया, तो मुझे पूरी तरह से पता चला कि भारत की स्वतंत्रता की राह वास्तव में आसान नहीं थी।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने दिल्ली में कहा, हमारी रणनीतिक साझेदारी जो दो दशकों से अधिक पुरानी है, वो वास्तव में अधिक राजनीतिक आदान-प्रदान, निरंतर बढ़ते व्यापार और अधिक निवेश से मजबूत हुई है।
दिल्ली: विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने जर्मन विदेश मंत्री अन्नालेना बेयरबॉक के साथ व्यापक प्रवासन और गतिशीलता साझेदारी पर एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
छावला रेप केस में पीड़िता के वकील संदीप शर्मा ने कहा, हमने पीड़िता के माता-पिता की तरफ से रिव्यू पिटीशन दायर की है। कुछ मुद्दे थे जो सुप्रीम कोर्ट के सामने नहीं आए तो हमने अपने रिव्यू पिटीशन में उन्हें उठाया ताकि सुप्रीम कोर्ट देखे और ट्रायल कोर्ट और होई कोर्ट के फैसले को अपहोल्ड करे।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी20 बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हुईं। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं जी20 में हिस्सा लेने जा रही हूं। इसके बाद मैं अजमेर शरीफ और पुष्कर जाऊंगी। इसके बाद मैं सांसदों के साथ बैठक करूंगी, फिर कोलकाता लौटूंगी।"
1 बजे तक कुरहानी (बिहार) में 37%, पदमपुर (ओडिशा) में 46.96%, सरदाशहर (राजस्थान) में 36.68%, रामपुर (यूपी) में 19.01%, खतौली में 33.20% और भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़) में 50.83% मतदान हुआ।
उत्तर प्रदेश: मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक 31.64 फीसदी मतदान हुआ।
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। उनके साथ पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी उपस्थित रहें।
तमिलनाडु: निष्कासित AIADMK नेता वी. शशिकला ने चेन्नई में तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता को उनकी 6वीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
दिल्ली: उत्तर दिल्ली के शास्त्री नगर में चार मंजिला इमारत गिरी। पुलिस द्वारा वीडियो की पुष्टि की गई।
मैं समझती हूं कि समाजवादी पार्टी मैनपुरी उपचुनाव अच्छे वोटों से जीत रही है। लोग इस बात को समझ रहे हैं कि भाजपा गलत तरीके से चुनाव लड़ रही है और चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें इसका जवाब मिलेगा: मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिंपल यादव, इटावा
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
दिल्ली: उत्तर दिल्ली के शास्त्री नगर में चार मंजिला इमारत गिरी। पुलिस द्वारा वीडियो की पुष्टि की गई।
दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा दो दिवसीय भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे।
यूपी के डिप्टी सीएम केशवप्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव बीजेपी पर फर्जी आरोप लगा रहे हैं। एसपी के कार्यकर्ता बूथ कैप्चरिंग की कोशिश कर रहे हैं।
उपचुनाव 2022: सुबह 11 बजे तक कुरहानी (बिहार) में 24%, पदमपुर (ओडिशा) में 29.73%, सरदाशहर (राजस्थान) में 19.87%, रामपुर (उत्तर प्रदेश) में 11.30%, खतौली में 20.70% और भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़) में 31.27% मतदान हुआ।
उत्तर प्रदेश: मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में सुबह 11 बजे तक 18.72% मतदान हुआ।
विदेश मंत्री डॉ एस. जयशंकर ने दिल्ली में जर्मन की विदेश मंत्री अन्नालेना बेयरबॉक से मुलाकात की।
यूपी के विधानसभा सत्र के दौरान CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, मुलायम सिंह यादव 3 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर रहे हैं। मुलायम सिंह यादव के निधन से भारतीय राजनीति के एक संघर्षशील युग का अंत हो गया। मैं उनके प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की कामना करता हूं।
तमिलनाडु: AIADMK के निष्कासित नेता और तमिलनाडु के पूर्व उप मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम और AIADMK कार्यकर्ताओं ने जयललिता की 6वीं पुण्यतिथी पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मतदान के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, मुझे उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी की अच्छी जीत होगी। 2024 की भी शुरूआत होगी लेकिन उससे भी बड़ी बात यह है कि नेताजी इस क्षेत्र में काम करते रहे हैं। यह नेताजी का क्षेत्र रहा है, नेताजी को याद करके लोग मतदान करने पहुंच रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा, मुझे नहीं पता मतदान शुरू होने के साथ से ही प्रशासन किसके इशारे पर काम कर रहा है, पता नहीं पुलिस को क्या ब्रीफिंग की गई है। सुबह से लगातार शिकायतें आई हैं और यह शिकायतें सिर्फ मैनपुरी लोकसभा सीट से नहीं बल्कि दूसरी सीट से भी आ रही हैं।
उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव वोट डालने सैफई पहुंचे।
दिल्ली: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की।
अखिलेश यादव, डिंपल यादव बोले- लगातार शिकायत आ रही है, मैनपुरी के साथ रामपुर से भी, रामपुर में तो उम्मीदवार को धरने पर बैठना पड़ा, मैनपुरी में भी हमारे वोटर को डराया जा रहा है।
बरगढ़ (ओडिशा): पदमपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। तस्वीरें दीप्तिपुर हाई स्कूल की हैं।
दिल्ली: जर्मनी की विदेश मंत्री अन्नालेना बेयरबॉक दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचीं। वह अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा के दौरान विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर के साथ यूक्रेन के खिलाफ रूसी युद्ध और उसके परिणामों के अलावा चीन के साथ भारत के संबंधों पर चर्चा कर सकती हैं।
अभी तक कुरहानी (बिहार) में 11%, पदमपुर (ओडिशा) में 8.50%, सरदाशहर (राजस्थान) में 5.27%, रामपुर (यूपी) में 3.97%, खतौली में 6.90% और भानुप्रतापपुर (छत्तीसगढ़) में 9.89% मतदान हुआ।
उत्तर प्रदेश: मैनपुरी संसदीय क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव में सुबह 9 बजे तक 7.08% मतदान हुआ।
दिल्ली के कड़कड़डूमा इलाके में जिंजर होटल में आग लग गई है। आग होटल के तीसरी मंजिल पर लगी है। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौअजुद हैं।
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश): खतौली उपचुनाव के लिए मतदान जारी है।
गुजरात: वडोदरा के मेयर और बीजेपी प्रत्याशी केयूर रोकड़िया ने जेतालपुर में वोट डाला।
उत्तर प्रदेश उपचुनाव 2022: इटावा में मैनपुरी लोकसभा सीट के लिए समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव ने वोट डाला। उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी जिस प्रकार से जीतते आ रही है वैसे ही जीतेगी।"
वडोदरा: गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। तस्वीरें जेतालपुर की हैं।
गुजरात में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हुआ।
मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वो मतदान जरूर करें। बीजेपी ने जो गुजरात के लिए काम किया है तो सभी गुजराती बीजेपी को वोट दें: भाजपा उम्मीदवार हार्दिक पटेल, अहमदाबाद, गुजरात
दिल्ली: वायु गुणवत्ता एवं मौसम पूर्वानुमान और अनुसंधान प्रणाली (SAFAR) के मुताबिक आज का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 372 (बहुत खराब श्रेणी में) श्रेणी में है।
उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम यादव ने इटावा के सैफई में अभिनव विद्यालय में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी बहुत वोटों से जीतेगी।"
भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के जितने मतदाता हैं, उनका रुझान कांग्रेस के पक्ष में है क्योंकि भूपेश जी की सरकार ने इन 4 वर्षों में जितने विकास के कार्य किए वो कीर्तिमान है। इन विकास कार्यों को देखते हुए जनता कांग्रेस के पक्ष में वोट दे रही है: कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मंडावी
छत्तीसगढ़: भानुप्रतापपुर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सावित्री मंडावी ने विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए कांकेर में अपना वोट डाला।
उपचुनाव 2022: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की छह विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है।
संपादक की पसंद