नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन था। भारत मंडपम में दुनिया के बड़े नेताओं की सरगर्मी रही। पहले दिन जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई अहम नेताओं से मुलाकात हुई, वहीं आज भी कूटनीतिक बैठकों और वैश्विक मुद्दों पर मंथन का सिलसिला जारी रहा। सबकी निगाहें प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ होने वाली मुलाकातों पर टिकी रहीं। पिछले 3 दिनों में, ब्रिक्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों या सरकार प्रमुखों के साथ 15 द्विपक्षीय बैठकें की हैं। इसके अलावा, उन्होंने दुनिया के कई नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रमुखों के साथ अनौपचारिक बैठकें भी की हैं।
BRICS के पहले दिन भारत को बड़ी कूटनीतिक कामयाबी मिली। सदस्य देशों ने नई दिल्ली घोषणा-पत्र को मंजूरी दी। इसमें आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है और 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई है। घोषणा-पत्र में आतंकवाद के लिए जीरो टॉलरेंस की बात कही गई है और आतंकियों, उनके मददगारों और उन्हें पनाह देने वालों को जवाबदेह ठहराने पर जोर दिया गया है।
पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात भी सुर्खियों में रही। दोनों नेताओं के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई। बैठक में भारत-चीन रिश्तों को बेहतर बनाने के साथ सीमा पर अमन और स्थिरता बनाए रखने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने माना कि मतभेदों को विवाद में नहीं बदलने देना चाहिए। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकात ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी और आपसी सहयोग को लेकर बातचीत हुई।
पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS नेताओं के लिए शानदार गाला डिनर का भी इंतजाम किया। भारत मंडपम में हुई इस दावत में रूस के राष्ट्रपति पुतिन समेत कई राष्ट्राध्यक्ष और शासनाध्यक्ष शामिल हुए। डिनर में भारतीय खान-पान और संस्कृति की झलक देखने को मिली। गाला डिनर के दौरान माहौल उस वक्त और खास हो गया, जब मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाया।
भारत की मेजबानी में हो रहा यह BRICS Summit ऐसे वक्त में हुआ, जब दुनिया कई मोर्चों पर तनाव और टकराव का सामना कर रही है।
सभी अपडेट्स यहां पढ़ें-