1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मां से मिलने के लिए बेटे ने 59 दिनों में 16 देशों की यात्रा की, लंदन से कार चलाकर महाराष्ट्र पहुंचा

मां से मिलने के लिए बेटे ने 59 दिनों में 16 देशों की यात्रा की, लंदन से कार चलाकर महाराष्ट्र पहुंचा

 Published : Jun 24, 2024 07:53 pm IST,  Updated : Jun 24, 2024 07:55 pm IST

भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विराज मुंगाले ने अपनी मां से मिलने के लिए 18,300 किलोमीटर की दूरी तय की। वह लंदन से कार चलाकर महाराष्ट्र के ठाणे पहुंचे।

British citizen- India TV Hindi
ब्रिटिश नागरिक विराज मुंगाले Image Source : ANI

ठाणे: कहते हैं कि मां से ज्यादा प्यार कोई नहीं कर सकता। जब बच्चों को इस बात का अहसास होता है तो वह एक भी पल के लिए मां से दूर नहीं रहते। लेकिन एक ब्रिटिश नागरिक ने अपनी मां से मिलने के लिए इतना लंबा सफर तय किया, जिसके बारे में जानकर हर कोई दंग है। इस ब्रिटिश नागरिक ने अपनी मां से मिलने के लिए 59 दिनों में 16 देशों की यात्रा की और लंदन से कार चलाकर महाराष्ट्र के ठाणे पहुंचा। 

क्या है पूरा मामला?

भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विराज मुंगाले ने अपनी मां से मिलने के लिए लंदन से ठाणे तक अपनी ‘एसयूवी’ कार से एक असाधारण यात्रा पूरी की। विराज ने बताया कि यह सफर पूरा करने के लिए उन्होंने 59 दिनों में 16 देशों की यात्रा की। विराज के अनुसार, उन्होंने 18,300 किलोमीटर की दूरी तय की। 

उन्होंने बताया कि वह ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, बेल्जियम, पोलैंड, लिथुआनिया, लताविया, एस्टोनिया, रूस, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान, चीन, तिब्बत, नेपाल और फिर भारत पहुंचे। इस सफर में उनके साथ नेपाली दोस्त रोशन श्रेष्ठ भी थे, जो नेपाल के काठमांडू तक गए। 

17 जून को ठाणे पहुंचे विराज ने बताया, 'मैं हर दिन लगभग 400-600 किलोमीटर कार चलाता था। कभी-कभी 1,000 किमी तक भी कार चलाई, लेकिन हमेशा रात में वाहन चलाने से बचते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता दी।' 

विराज ने बताया कि उन्होंने अपनी नौकरी से दो महीने की छुट्टी ली और जिस भी देश से गुजरे, वहां से आवश्यक अनुमति और कानूनी मंजूरी ली। बर्फ और ठंड सहित चरम मौसम की स्थिति उनकी यात्रा में आने वाली चुनौतियों में शुमार रहीं। विराज ने बताया कि वह विमान से ब्रिटेन लौटेंगे और अपनी कार को जहाज से वापस भेजेंगे। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत