1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पर्यटकों की जान बचाने की कोशिश में सैयद ने गंवाई थी जान, 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद आया भाई का बयान

पर्यटकों की जान बचाने की कोशिश में सैयद ने गंवाई थी जान, 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद आया भाई का बयान

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : May 07, 2025 09:43 am IST,  Updated : May 07, 2025 10:22 am IST

22 अप्रैल के दिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले में पर्यटकों को बचाने की कोशिश करते हुए एक स्थानीय निवासी सैयद आदिल हुसैन शाह की मौत हो गई थी। आइए जानते हैं कि सैयद के भाई ने भारतीय एयरस्ट्राइक पर क्या कहा है...

सैयद आदिल हुसैन शाह का भाई- India TV Hindi
सैयद आदिल हुसैन शाह का भाई Image Source : ANI

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों पर मिसाइल से हमला किया। भारतीय सेना की इस एयरस्ट्राइक से पाकिस्तान को मुंह-तोड़ जवाब मिल गया होगा। आपको याद दिला दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में एक स्थानीय निवासी ने पर्यटकों की जान बचाने की कोशिश की थी और वो मारा गया था। जान गंवाने वाले इस शख्स का नाम सैयद आदिल हुसैन शाह था। ऑपरेशन सिंदूर पर सैयद के भाई का रिएक्शन सामने आया है।

सैयद के भाई का बयान

सैयद आदिल हुसैन शाह के भाई ने भारतीय सेना और प्रधानमंत्री समेत केंद्र और राज्य सरकार का भी शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कहा कि निहत्थे मासूमों का कत्ल करने वाले आतंकवादियों के खिलाफ एकदम ठीक कदम उठाया गया है, जिन लोगों ने इस हमले में अपनी जान गंवाई, उनका बदला लिया गया है। सैयद के भाई ने भारतीय सेना, सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भरोसा जताया।

मसला जड़ से खत्म होना चाहिए

सैयद के भाई ने आगे कहा कि जिन 26 निहत्थे लोगों को मारा गया था, उनका आज बदला लिया गया है और उन सभी लोगों की आत्मा को इस बदले से शांति मिलेगी। उनसे जब सवाल किया गया कि क्या और स्ट्राइक होनी चाहिए तो उन्होंने जवाब में कहा कि इस मसले को जड़ से खत्म कर देना चाहिए क्योंकि इस तरह से बार-बार निहत्थे और मासूम लोगों का कत्ल नहीं होना चाहिए।

भारतीय सेना पर जताया गर्व

ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों के परिवार से अलग-अलग रिएक्शन सामने आ रहे हैं। हर भारतीय को सेना पर गर्व महसूस हो रहा है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक भारतीय सेना के हमले में 100 से भी ज्यादा आतंकी मारे गए हैं। 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था और लगभग 15 दिनों के अंदर ही बीती रात को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर हमला बोल दिया।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत