1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान के नापाक इरादों को फिर BSF ने किया नाकाम, अमृतसर में पाक ड्रोन को मार गिराया

पाकिस्तान के नापाक इरादों को फिर BSF ने किया नाकाम, अमृतसर में पाक ड्रोन को मार गिराया

 Published : Nov 29, 2022 11:58 am IST,  Updated : Nov 29, 2022 12:01 pm IST

बीएसएफ के जवानों ने सोमवार रात को अमृतसर शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में चाहरपुर गांव के पास भारतीय क्षेत्र में ड्रोन को घुसते देखा, जिसके बाद उन्होंने उस पर गोलियां चलाईं।

pak drone- India TV Hindi
पाकिस्तानी ड्रोन Image Source : TWITTER

अमृतसर: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पाकिस्तान से पंजाब के अमृतसर जिले में आए एक ड्रोन को मार गिराया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने सोमवार रात को अमृतसर शहर से करीब 40 किलोमीटर उत्तर में चाहरपुर गांव के पास भारतीय क्षेत्र में ड्रोन को घुसते देखा, जिसके बाद उन्होंने उस पर गोलियां चलाईं।

बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक बटालियन-136 के जवान सरहद पर फेंसिंग के पास गश्त कर रहे थे तभी उन्हें आसमान में ड्रोन के मंडराने की आवाज सुनाई दी। BSF ने लगभग 100 गोलियों के अलावा रोशनी बम भी दागे। ऊंचाई ज्यादा न होने के कारण गोली लगने से ड्रोन जमीन पर गिर गया।

उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान बीएसएफ को छह रोटार वाला मानवरहित हवाई वाहन ‘हेक्साकॉप्टर’ आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त स्थिति में मिला। उन्होंने बताया कि उसके नीचे सफेद रंग की एक पॉलिथीन में संदिग्ध सामग्री भी मिली है। अधिकारी ने कहा कि ड्रोन में नशीले पदार्थ रखे होने का संदेह है और उसमें मिले सामान की जांच की जा रही है।

बल के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बीएसएफ के सतर्क बल एक ड्रोन को पकड़ने और तस्करी की कोशिश को नाकाम करने में एक बार फिर सफल रहे।’’ इससे पहले बीएसएफ के बलों ने अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत